हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img X)
New Delhi: क्रिकेट में लगातार बढ़ते छक्कों के बीच अब बल्ले के आकार और साइज पर सख्ती की तैयारी है। आईपीएल में इस्तेमाल किए जा चुके बैट गेज नियम को अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी लागू किया जा सकता है। सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली ICC क्रिकेट कमेटी की सिफारिश को बाली में हुई बैठक के दौरान हरी झंडी मिलने की खबर है। इस नियम के लागू होने पर बल्लेबाजों को क्रीज पर उतरने से पहले अपने बल्ले की जांच करानी होगी।
समय के साथ क्रिकेट खेलने का अंदाज तेजी से बदल रहा है। खासकर टी-20 क्रिकेट में बल्लेबाजों का आक्रामक रुख और लगातार लगते छक्के मुकाबलों को रोमांचक बना रहे हैं। चाहे आईपीएल हो, दूसरी टी-20 लीग हों या अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट, मैदान पर छक्कों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
इसके पीछे कई वजहें मानी जाती हैं। इनमें बल्लेबाजी के अनुकूल पिच, बल्लेबाजों की बदलती तकनीक, खेलने के तरीके और फील्डिंग की रणनीति शामिल हैं। इसके अलावा बल्ले का आकार और उसकी बनावट भी चर्चा का विषय रही है। अब इसी पहलू को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
पिछले साल आईपीएल में बल्ले के निर्धारित आकार की जांच के लिए बैट गेज का इस्तेमाल किया गया था। इस व्यवस्था के तहत बल्लेबाज को क्रीज पर पहुंचने के बाद अपना बल्ला अंपायरों के पास रखे बैट गेज में डालना होता है।
अगर बल्ला इस उपकरण में बने निर्धारित मापदंडों के भीतर फिट हो जाता है, तभी बल्लेबाज को उससे खेलने की अनुमति मिलती है। अगर बल्ला निर्धारित आकार से बड़ा होता है तो बल्लेबाज को ड्रेसिंग रूम से दूसरा बल्ला मंगाना पड़ता है।
आईपीएल में इस व्यवस्था के चलते कई खिलाड़ियों को अपने बल्ले बदलने पड़े थे। इनमें रवींद्र जडेजा, रियान पराग और सुनील नरेन जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। अब इसी व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी लागू करने की तैयारी की जा रही है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली ICC क्रिकेट कमेटी की सिफारिशों में बैट गेज का नियम प्रमुखता से शामिल है। बाली में हुई हालिया बैठकों के दौरान ICC की चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमेटी से भी इसे हरी झंडी मिलने की खबर है।
रिपोर्ट के अनुसार, ICC पहले इस नियम के बारे में अंपायरों को विस्तार से जानकारी देगी। इसके बाद इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लागू किया जा सकता है। हालांकि, इसके लागू होने की अंतिम तारीख की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
क्रिकेट में बल्ले के आकार को लेकर मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के नियम पहले से मौजूद हैं। MCC के क्रिकेट नियमों के नियम 5 के तहत बल्ले के आकार की सीमाएं निर्धारित की गई हैं।
इन नियमों के मुताबिक बल्ले के किनारे की मोटाई अधिकतम 1.56 इंच, गहराई 2.64 इंच और चौड़ाई 4.25 इंच तक सीमित रखी गई है।
बैट गेज के इस्तेमाल से अंपायर मैदान पर ही यह सुनिश्चित कर सकेंगे कि बल्लेबाज निर्धारित मापदंडों के अनुरूप बल्ले का इस्तेमाल कर रहा है या नहीं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह व्यवस्था लागू होने पर बल्लेबाजों के साथ-साथ अंपायरों की जिम्मेदारी भी बढ़ सकती है।
Location : New Delhi
Published : 24 November 2026, 10:38 AM IST
Topics : Bat Gauge in Cricket Cricket New Rules ICC Bat Gauge Rule IPL 2027 Sourav Ganguly ICC Committee