हिंदी
सड़क हादसे में पांच बहनों के इकलौते भाई की मौत (Source: Dynamite News)
Bareilly: बरेली मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। नवाबगंज-सेंथल मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी। हादसे में 36 वर्षीय सूरज उर्फ रिंकू की जान चली गई, जबकि उनकी पत्नी सरिता गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे ने परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं।
बरेली के नवाबगंज क्षेत्र के गांव कुआंटांडा अहमदाबाद निवासी सूरज अपनी पत्नी सरिता के साथ मंदिर गए थे। पूजा करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। सेंथल मार्ग पर अचानक एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। सूरज का सिर पोल से टकराने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सूरज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल सरिता को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सूरज पांच बहनों के इकलौते भाई थे। चार बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन आदेशवती की शादी होनी बाकी है। परिवार के मुताबिक सूरज छोटी बहन की शादी धूमधाम से करने के सपने संजोए हुए थे। भाई की अचानक मौत से पांचों बहनें सदमे में हैं।
इकलौते बेटे का शव घर पहुंचा तो मां मुन्नी देवी बदहवास हो गईं। बेटे को देखकर वह जमीन पर गिर पड़ीं। रोते हुए बार-बार बेटे को उठाने की गुहार लगाती रहीं। मां की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
Bareilly Breaking: बरेली में प्लाट कब्जे से परेशान चार महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश
सूरज अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी पांच साल की बेटी और महज पांच माह का बेटा है। बेटा बीमार है और निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक सूरज बेटे की बीमारी को लेकर काफी चिंतित रहते थे और उसके इलाज में जुटे थे। परिवार बेटे के स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद लगाए था।
लेकिन उससे पहले ही हादसे ने उसके सिर से पिता का साया छीन लिया। एक तरफ पत्नी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है, दूसरी ओर दो मासूम बच्चों और पांच बहनों ने सूरज को हमेशा के लिए खो दिया। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Location : Bareilly
Published : 16 August 2026, 3:04 PM IST