हिंदी
अध्यक्ष पुनीत टंडन ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया (Img: Dynamite News)
Nainital: नैनीताल में लोअर मॉल रोड को 15 अगस्त तक यातायात के लिए नहीं खोले जाने से नाराज मां नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने शनिवार शाम चार बजे से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
पुनीत टंडन ने लोअर मॉल रोड पर ग्राउंड जीरो में लेटकर विरोध जताया। व्यापार मंडल ने सड़क को जल्द यातायात के लिए खोलने की मांग को लेकर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन के अनुसार, 26 जून को अधिशासी अधिकारी रत्नेश सक्सेना ने उनकी और मीडिया की मौजूदगी में 15 अगस्त वाले सप्ताहांत तक लोअर मॉल रोड को पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए खोलने का आश्वासन दिया था। इस आश्वासन के बाद व्यापार मंडल ने अपना प्रस्तावित धरना स्थगित कर दिया था।
ये भी पढ़ें- Chamoli Landslide: बारिश ने रोकी पहाड़ की रफ्तार, दो हाईवे बंद होते ही सड़कों पर लगा लंबा जाम
पुनीत टंडन का कहना है कि निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद सड़क का काम पूरा नहीं हो सका है। पिछले कुछ समय से निर्माण कार्य भी बंद पड़ा था। लोअर मॉल रोड बंद होने से व्यापारियों के कारोबार के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, माउंटेन मैराथन की सामान्य रूटिंग भी प्रभावित हो रही है।
ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: उत्तराखंड के पीपलकोटी में THDC सुरंग धंसी, कई मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उन्होंने कहा कि जब तक लोअर मॉल रोड को यातायात के लिए नहीं खोला जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। व्यापार मंडल ने सड़क खोलने की मांग को लेकर आंदोलन को आगे और तेज करने की चेतावनी भी दी है।
हालांकि, 14 अगस्त को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने पुनीत टंडन को पत्र भेजकर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए समय मांगा था और सहयोग की अपील की थी। इसके बावजूद व्यापार मंडल ने सड़क नहीं खुलने के विरोध में धरना शुरू कर दिया है।
Location : Nainital
Published : 16 August 2026, 2:53 PM IST