हिंदी
55 वर्षीय महिला की हत्या (Image Source: Dynamite News)
Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में घर में अकेली रह गई 55 वर्षीय महिला की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। घटना कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव की है। शुक्रवार रात महिला का पति, बेटियां और दामाद भरवारी मेला देखने गए थे। देर रात करीब 10:30 बजे जब परिजन घर लौटे तो आंगन में महिला का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतका की पहचान गांव निवासी राजमती (55), पत्नी गिरधारीलाल सरोज के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, घर लौटने पर उन्होंने राजमती को आंगन में मृत अवस्था में पाया। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। महिला की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात राजमती घर पर अकेली थीं। उनके पति गिरधारीलाल सरोज, बेटियां और दामाद भरवारी मेला देखने गए हुए थे। परिवार के लोग जब देर रात करीब 10:30 बजे वापस लौटे तो घर के आंगन में राजमती का शव पड़ा मिला। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
Bareilly Accident: शादी से पहले सड़क हादसे ने छीनी खुशियां, बैंककर्मी समेत दो दोस्तों की मौत
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजमती की चार बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। परिवार के लिए यह घटना बड़ा सदमा बनकर सामने आई है।
मौके पर पहुंची पुलिस (Image Source: Dynamite News)
घटनास्थल पर घर के भीतर कुछ ऐसी चीजें भी मिलीं, जिनसे घटना को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घर में मिट्टी के चूल्हे में आग जल रही थी और उसके पास सब्जी कटी हुई रखी थी। वहीं, घर का मुख्य दरवाजा भी खुला हुआ था। इन परिस्थितियों में महिला की हत्या कैसे हुई और वारदात के समय घर में कौन मौजूद था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर घर में किस रास्ते से दाखिल हुआ और हत्या के बाद किस दिशा में गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए हैं। हालांकि, घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल कुछ भी बोलने से इनकार किया है।
महिला की हत्या की सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी और सीओ समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उनके साथ फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घर और आसपास के स्थानों की जांच की तथा जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने राजमती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े इन सवालों के जवाब मिल सकेंगे। उधर, वारदात के बाद रसूलपुर गिरसा गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
Location : Kaushambi
Published : 21 November 2026, 2:57 AM IST