बड़ी खबर: स्वतंत्रता दिवस पर पतंग उड़ाना बना काल, गाजियाबाद में चाइनीज मांझे ने ली नोएडा के युवक की जान

गाजियाबाद के एनएच-9 पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बाइक सवार युवक की जान ले ली। नोएडा निवासी रवि राज की गर्दन में मांझा फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 16 August 2026, 2:56 PM IST
google-preferred

Ghaziabad: गाजियाबाद के एनएच-9 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। स्वतंत्रता दिवस पर पतंग उड़ाई जाती है। उस वक्त पंतग में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बार फिर युवक की जान ले ली। बाइक से जा रहे युवक की गर्दन में अचानक मांझा फंस गया। जिससे उसकी गर्दन कट गई। वह लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में युवक को अस्पताल में एडमिट करवाया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

नोएडा के रहने वाले थे रवि राज

मृतक युवक की पहचान नोएडा के अकबरपुर बहरामपुर निवासी रवि राज के रूप में हुई है। रवि राज अपने साथी नरेश के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह एनएच-9 पर पहुंचे, अचानक रास्ते में उड़ता हुआ चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। मांझा इतना धारदार था कि कुछ ही सेकेंड में उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई। बाइक अनियंत्रित होने के बाद रवि राज सड़क पर गिर गए और बेसुध हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर थी।

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बची जान

पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रवि राज को वैशाली स्थित अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध होने के बावजूद इसकी बिक्री और इस्तेमाल लगातार चिंता का कारण बना हुआ है। यह मांझा न सिर्फ राह चलते लोगों के लिए बल्कि पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है।

पहले भी सामने आ चुका है मामला

कुछ दिन पहले गाजियाबाद के लोनी इलाके में चाइनीज मांझे की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। इस मामले में एक महिला समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में आरोपियों को कथित तौर पर रिश्वत लेकर छोड़ने की बात सामने आई थी। इस मामले की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची थी।

Location :  Ghaziabad

Published :  16 August 2026, 2:56 PM IST

Advertisement