स्टेडियम से निकला 17 साल का राष्ट्रीय खिलाड़ी फिर नहीं लौटा… CCTV में दिखा अकेला, पिता के आरोपों से बढ़ा रहस्य

आगरा के एकलव्य स्टेडियम के छात्रावास से 31 जुलाई से लापता 17 वर्षीय राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। बेटे की तलाश और कार्रवाई के लिए पिता अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। पिता ने स्टेडियम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में खिलाड़ी अकेले जाता दिखाई दिया है और बीट सिपाही की सूचना पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 16 August 2026, 1:12 PM IST
google-preferred

Agra: आगरा में एक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के अचानक गायब होने से सनसनी फैल गई है। मामला एकलव्य स्टेडियम के छात्रावास का है, जहां से 17 वर्षीय टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश 31 जुलाई की सुबह अचानक लापता हो गया। बेटे के गायब होने के बाद पिता लगातार अधिकारियों के दरवाजे खटखटाते रहे, लेकिन अब उनकी नाराजगी पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सामने आ रही है। पिता का आरोप है कि पुलिस उनके बेटे को तलाशने के बजाय उन लोगों को बचाने में लगी है, जिन पर उन्होंने बेटे को प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।

सुबह पांच बजे हॉस्टल से निकला

शाहगंज के नगला छउवा निवासी 17 वर्षीय वंश राष्ट्रीय स्तर के टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। वह आगरा के एकलव्य स्टेडियम के छात्रावास में रहकर अपनी खेल प्रतिभा को निखार रहे थे। परिवार के मुताबिक, 31 जुलाई की सुबह करीब पांच बजे वह अचानक लापता हो गए। सुबह के समय वंश के गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पिता शैलेश सिंह ने बेटे के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई और स्टेडियम के अधिकारियों व कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पिता ने क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, वार्डन समेत कुछ अन्य कर्मचारियों के खिलाफ नामजद तहरीर भी दी।

पिता ने लगाए गंभीर आरोप

वंश के गायब होने के बाद पिता शैलेश सिंह का कहना है कि उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार संपर्क किया। उनका मकसद सिर्फ बेटे को ढूंढना और उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराना था, जिन पर उन्हें शक है। शैलेश का दावा है कि इस दौरान कुछ राजनीतिक लोगों की ओर से भी उन पर दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्रीड़ा अधिकारी का नाम तहरीर से हटाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया।

यमुना के पुल पर बिलखती रही मां, पानी में डूबती रही 11 महीने की परी; आगरा में पिता की घिनौनी करतूत से सहम उठीं आंखें

बीट सिपाही की तहरीर पर दर्ज हुई अपहरण की FIR

पुलिस ने इस मामले में बीट सिपाही नीलेश की ओर से दी गई सूचना के आधार पर नाबालिग के अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बीट सिपाही ने जीडी में सूचना दर्ज कराई थी और उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस इसे पूरी तरह विधि सम्मत कार्रवाई बता रही है।

CCTV में कैंट स्टेशन पर अकेला दिखा वंश

पुलिस ने वंश की तलाश के लिए स्टेडियम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में वंश कैंट स्टेशन की तरफ जाता दिखाई दिया। इसके बाद वह अकेले ट्रेन में जाता हुआ भी नजर आया। पुलिस के अनुसार उज्जैन में भी वंश को स्टेशन से अकेले जाते हुए देखा गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वंश ने लापता होने के करीब दो दिन बाद अपने एक दोस्त को फोन किया था।

पिता बोले- बेटे को ढूंढने में नाकाम पुलिस

वंश के पिता शैलेश सिंह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि पुलिस बेटे को तलाशने के बजाय उन लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है, जिनके खिलाफ उन्होंने शिकायत की है। शैलेश का कहना है कि अगर उनके बेटे के साथ स्टेडियम में मारपीट या प्रताड़ना हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि बेटे के वापस मिलने तक वह चुप नहीं बैठेंगे।

आगरा कैंट स्टेशन पर रूह कंपाने वाली वारदात: कटर से काटकर सूटकेस में भरे शरीर के टुकड़े, चेन्नई तक फैला कातिलों का जाल

SC-ST एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की मांग

लापता खिलाड़ी के पिता ने एक राजपत्रित अधिकारी और कुछ सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए भी तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक, इस तहरीर को जिलाधिकारी के पास भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अनुमति मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस बोली- जांच जारी

एसीपी सदर राम प्रवेश गुप्ता के मुताबिक, बीट सिपाही नीलेश ने जीडी पर सूचना दर्ज कराई थी। उसी आधार पर नाबालिग के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई है और यह कार्रवाई नियमों के मुताबिक है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वंश की तलाश के लिए उपलब्ध सुरागों के आधार पर काम किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में वंश के अकेले जाने की बात भी पुलिस ने बताई है।

Location :  Agra

Published :  16 August 2026, 1:12 PM IST

Advertisement