हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Ghazipur: गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक युवक पर जानलेवा हमला और कथित अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के बैजनाथपुर मोड़ के पास हुई इस घटना में पीड़ित ने तीन युवकों पर फायरिंग, मारपीट और जबरन ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष राजनारायण के अनुसार, पातेपुर निवासी रोहित सिंह 15 अगस्त को अपने दोस्त आदित्य चौहान के साथ बैजनाथपुर मोड़ के पास घूमने और फोटो खींचने गया था। दोनों फोटो खींचने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे।
पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, तीनों युवकों ने दोनों पर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से दोनों युवक घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।
भागने के दौरान रोहित सिंह खेत में भरे पानी में गिर गया। वहीं उसका साथी आदित्य दूसरी दिशा में भाग निकला। आरोप है कि हमलावरों ने रोहित को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर के मुताबिक, आरोपी उसे जबरन अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर बैठाकर रामानंद का पूरा स्थित पानी की टंकी के पास ले गए। वहां कथित तौर पर रोहित की बेल्ट और लात-घूंसों से पिटाई की गई।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान आसपास से कुछ लोगों को अपनी ओर आते देखकर तीनों आरोपी रोहित को छोड़कर मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके बाद रोहित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। उसने विशाल यादव, अनुप यादव और हिमांशु यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
“पसंद का स्कूल मांगना अधिकार नहीं”… यूपी के प्राइमरी शिक्षकों के तबादले पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस फायरिंग समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Location : Ghazipur
Published : 16 August 2026, 1:32 PM IST
Topics : crime news ghazipur news up crime