आगरा में ससुराल वाले बने हैवान: विवाहिता को अवैध संबंधों के विरोध की मिली खौफनाक सजा, पहले रस्सी से बांधे हाथ-पैर और फिर…

आगरा के बाह में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि तलाक के दबाव का विरोध करने पर उसे रस्सी से बांधकर पीटा गया और जान से मारने की कोशिश की गई।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 16 August 2026, 1:16 PM IST
google-preferred

Agra: आगरा के बाह इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर बर्बरता करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि तलाक देने से इनकार करने पर उसे घर में बंधक बना लिया गया। उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की गई। किसी तरह मौका पाकर महिला ने अपना वीडियो बनाकर भाई को भेजा और मदद की गुहार लगाई। इसके बाद भाई पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा और महिला को ससुराल से बाहर निकाला।

पति पर अवैध संबंधों का आरोप

बाह क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी 7 मार्च 2024 को निबोहरा थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक से हुई थी। उसका पति दिल्ली में नौकरी करता है। महिला का आरोप है कि पति के किसी अन्य युवती से संबंध हैं, जिसकी जानकारी उसे कुछ समय पहले हुई थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। महिला ने बताया कि 11 अप्रैल 2025 को उसने एक बेटे को जन्म दिया था। आरोप है कि कुछ दिन बाद ही उसके बेटे की मौत हो गई। महिला ने जब इस मामले को लेकर सवाल उठाए तो पति ने उससे तलाक लेने की बात शुरू कर दी।

विरोध करने पर बंधक बनाने का आरोप

महिला का कहना है कि उसने उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की और ससुराल में ही रहने लगी। आरोप है कि 9 अगस्त की शाम एक बार फिर ससुरालियों ने उस पर तलाक लेने का दबाव बनाया। जब उसने इसका विरोध किया तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया। महिला के मुताबिक, उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए। शरीर पर ठंडा पानी डाला गया और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। इस दौरान उसने किसी तरह छिपाकर मोबाइल से वीडियो बनाया और अपने भाई को भेज दिया।

पुलिस ने जांच के दिए आदेश

वीडियो मिलने के बाद भाई पुलिस के साथ ससुराल पहुंचा और महिला को वहां से बाहर निकाला। इसके बाद पीड़िता ने डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। बाह पुलिस ने मामले को निबोहरा थाना क्षेत्र से जुड़ा बताते हुए वहां शिकायत भेज दी। डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  16 August 2026, 1:16 PM IST

Related News

Advertisement