13 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से मौत, सन्न रह गया पूरा मेरठ

मेरठ के बसंत वैली पब्लिक स्कूल में 13 साल के छात्र कुनाल शर्मा की मौत हो गई। छुट्टी के बाद वह स्कूल के वॉशरूम में गया था, जहां काफी देर बाद उसका शव मिला। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक को मौत की वजह बताया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 September 2026, 2:13 PM IST
google-preferred

Meerut News: मेरठ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 13 साल के एक छात्र की स्कूल के बाथरूम में मौत हो गई। छुट्टी होने के बाद टॉयलेट गया 7वीं कक्षा का छात्र काफी देर तक वापस नहीं आया। बाहर ई-रिक्शा चालक उसका इंतजार करता रहा, लेकिन जब बाकी सभी बच्चे घर जाने लगे और कुनाल नहीं दिखा तो उसकी तलाश शुरू हुई। कुछ देर बाद छात्र स्कूल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिला। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।

छुट्टी के बाद टॉयलेट गया था कुनाल, फिर नहीं लौटा

पूरा मामला मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र स्थित बसंत वैली पब्लिक स्कूल का है। 13 वर्षीय कुनाल शर्मा कक्षा 7वीं का छात्र था और रोजाना की तरह सोमवार को भी ई-रिक्शा से स्कूल गया था। दोपहर करीब 2:15 बजे स्कूल की छुट्टी हुई। सभी बच्चे बाहर आ गए, लेकिन कुनाल बाहर नहीं आया। स्कूल के बाहर खड़े ई-रिक्शा चालक ने करीब 15 मिनट तक उसका इंतजार किया। जब कुनाल नहीं पहुंचा तो वह स्कूल के अंदर गया और स्टाफ के साथ उसकी तलाश शुरू की गई।

वॉशरूम का दरवाजा था बंद, छत से देखा तो जमीन पर पड़ा था बच्चा

तलाश के दौरान एक छात्र ने बताया कि कुनाल वॉशरूम गया था। इसके बाद चालक और स्कूल स्टाफ बाथरूम की तरफ पहुंचे। वहां का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद स्कूल स्टाफ छत के रास्ते ऊपर पहुंचा और अंदर झांककर देखा तो कुनाल जमीन पर पड़ा हुआ था। दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला गया। बच्चा बेहोश था और उसकी सांसें नहीं चल रही थीं। तुरंत परिवार को सूचना दी गई।

डॉक्टरों ने हार्ट फेल होने की बताई वजह

कुनाल के पिता धर्मेंद्र शर्मा सूचना मिलते ही स्कूल पहुंचे और उसे मवाना के निजी डॉक्टरों के पास ले गए। दो डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार बच्चे को मेरठ के सुशीला जसवंत राय अस्पताल भी लेकर गया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। परिजनों के अनुसार डॉक्टरों ने अचानक हार्ट अटैक आने को मौत की वजह बताया। कुनाल की मां अनीता और पिता धर्मेंद्र का कहना है कि उनके बेटे को पहले कभी दिल से जुड़ी कोई बीमारी नहीं थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।

तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था कुनाल

कुनाल मवाना क्षेत्र के मोहल्ला काबिली गेट, कलावदा रोड निवासी धर्मेंद्र शर्मा का बेटा था। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन साक्षी और छोटा भाई संचित शर्मा है। स्कूल प्रबंधक अमित राणा ने बताया कि कुनाल सुबह से बिल्कुल सामान्य और एक्टिव था। उसने लंच भी किया था और किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आ रही थी। छुट्टी से पहले वह वॉशरूम गया था, जिसके बाद यह घटना हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि परिवार ने पोस्टमार्टम और किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर लौट गए।

Location :  Meerut

Published :  8 September 2026, 2:13 PM IST

Related News

Advertisement