UP Weather: दीवाली से पहले बदलेगा मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ झमाझम बरसेंगे बदरा, IMD ने जारी की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। सुबह-शाम गुलाबी ठंड के बीच IMD ने बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव और पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में भारी बारिश और 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

Updated : 24 October 2026, 9:07 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सुबह-शाम की हल्की ठंडक के बीच अब बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और झोंकेदार हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव क्षेत्र और नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।

बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र और उत्तर-पूर्व बांग्लादेश के आसपास समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बने हवा के चक्रवाती घेरे का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसके साथ ही, उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ ने भी दस्तक दे दी है। इन दो प्रणालियों के सक्रिय होने से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम बारिश और ठंडी हवाओं का नया दौर शुरू होने की पूरी संभावना है।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर खत्म, सभी 75 जिलों में मौसम शुष्क और खिली धूप के साथ ठंड की दस्तक

पश्चिमी से लेकर पूर्वी यूपी तक बदलेगा मिजाज

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसके बाद, 28 और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। इन दोनों दिनों में मेघगर्जन और वज्रपात (आसानी बिजली गिरने) के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट घोषित किया है।

28 और 29 अक्टूबर को किन जिलों में होगी बारिश?

मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट के अनुसार, बारिश का यह दौर दो चरणों में असर दिखाएगा-

28 अक्टूबर का हाल: सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर, बलिया और इनसे सटे इलाकों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होने की संभावना है।

29 अक्टूबर का हाल: इस दिन बारिश का दायरा काफी बढ़ जाएगा। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश के आसार हैं।

UP Weather Today: यूपी में समय से पहले आई ठंड! दो दिनों तक होगी बारिश, ओले गिरने का भी अलर्ट जारी

राजधानी लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम मिला-जुला रहने वाला है। सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रह सकता है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की संभावना है। तापमान की बात करें तो लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।

सुबह-शाम की ठंड और दोपहर की तीखी धूप

इन दिनों प्रदेशवासियों को अनूठे मौसम का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के वक्त गुलाबी ठंड और हल्की सिहरन महसूस हो रही है, जो सर्दियों के आने का संकेत दे रही है। हालांकि, दिन में खिलने वाली तीखी धूप अभी भी लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है। शाम ढलते ही मौसम फिर सुहाना हो जाता है और हवा में ठंडक घुल जाती है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में होने वाली बारिश के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे गुलाबी ठंड में तेजी से इजाफा होगा।

Location :  Lucknow

Published :  24 October 2026, 9:07 AM IST

Advertisement