पिता की बाइक चुराना पड़ा भारी… एक हफ्ते बाद बेटे ने चोर को दबोचा, तलाशी में मिला चाबियों का जखीरा

मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र में पिता की चोरी हुई बाइक को बेटे ने करीब एक सप्ताह बाद पहचानकर पकड़ लिया। लालगंज-कलवारी मार्ग पर बेदौली गांव के पास युवक बाइक के साथ मिला। ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी में नेम प्लेट और करीब 15 से 20 मास्टर चाबियां मिलने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 23 October 2026, 7:58 PM IST
google-preferred

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में बाइक चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पीड़ित के बेटे ने ही कथित चोर को पकड़ लिया। करीब एक सप्ताह पहले घर के बाहर से चोरी हुई अपने पिता की बाइक को बेटे ने लालगंज-कलवारी मार्ग पर देखा। इसके बाद उसने युवक को पकड़कर ग्रामीणों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी के दौरान बाइक की डिग्गी से नेम प्लेट और आरोपी के पास से करीब 15 से 20 मास्टर चाबियां मिलने की बात सामने आई है।

घर के बाहर खड़ी बाइक रातोंरात गायब

मामला मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव का है। गांव निवासी रामनरेश सिरसी के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा मित्र के पद पर कार्यरत हैं। उनके मुताबिक, 16 अक्टूबर की देर रात उन्होंने अपनी बाइक घर के बाहर हैंडल लॉक लगाकर खड़ी की थी और सोने चले गए थे। इसी दौरान उनकी मां गुलाबी देवी की नींद खुली तो बाहर बाइक नहीं दिखी। उन्होंने शोर मचाकर परिवार को इसकी जानकारी दी।

सिवान में दिल दहला देने वाला हादसा, पटाखों के मकान में भीषण विस्फोट, मलबे में दबकर 7 लोगों की मौत!

काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद रामनरेश ने शनिवार को मड़िहान थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। परिवार को उम्मीद थी कि बाइक जल्द मिल जाएगी, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी उसका सुराग नहीं मिला।

कलवारी जाते समय पिता की बाइक पर पड़ी नजर

करीब एक सप्ताह बाद शुक्रवार को रामनरेश का बेटा प्रियांशू रोज की तरह अपनी बाइक से कलवारी स्थित एक डिस्पेंसरी में कंपाउंडर की ड्यूटी करने जा रहा था। लालगंज-कलवारी मार्ग पर बेदौली गांव के पास एक सोलर पैनल की दुकान के सामने उसकी नजर एक युवक पर पड़ी, जो उसके पिता की चोरी हुई बाइक पर बैठा था।

बाइक पहचानते ही प्रियांशू सतर्क हो गया। उसने तुरंत युवक को पकड़ लिया और फोन कर गांव के साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद ग्रामीण आरोपी को रजौहा गांव के रामलीला मैदान में ले गए।

गोरखपुर : दुष्कर्म कर वीडियो वायरल करने के दोषी को 10 साल की कठोर सजा, 50 हजार का जुर्माना

तलाशी में मिलीं मास्टर चाबियां

ग्रामीणों के मुताबिक, तलाशी लेने पर बाइक की डिग्गी से नेम प्लेट मिली, जबकि करीब 15 से 20 मास्टर चाबियां भी बरामद हुईं। आरोप है कि पकड़ा गया युवक शुरुआत में अपना नाम और पता बदल-बदलकर बताता रहा। बाद में पूछताछ के दौरान उसने सही जानकारी दी।

सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों और पीआरबी पुलिस को आरोपी सौंप दिया गया। मामले में मड़िहान पुलिस जांच कर रही है। बरामद चाबियों का इस्तेमाल किस काम में किया जाता था और क्या आरोपी का संबंध अन्य बाइक चोरी की घटनाओं से है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, चोरी हुई बाइक मिलने से परिवार को राहत मिली है।

Location :  Mirzapur

Published :  23 October 2026, 7:58 PM IST

Advertisement