5 दिन तक घर में सड़ता रहा शव, भाई ने बाथरूम में कर दिया अंतिम संस्कार

धनबाद से सामने आई इस चौंकाने वाली घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। एक युवती की मौत के बाद जो हुआ, वह किसी के भी होश उड़ा सकता है। आखिर क्यों 5 दिनों तक शव घर में पड़ा रहा और फिर बाथरूम में ही अंतिम संस्कार क्यों किया गया?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 14 April 2026, 4:30 PM IST
google-preferred

Dhanbad: धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक युवती की मौत के बाद उसका शव पांच दिनों तक घर में पड़ा रहा और आखिरकार उसके भाई ने बाथरूम में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को चौंका दिया, बल्कि समाज और प्रशासन दोनों के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह मामला गोविंदपुर इलाके के वास्तु विहार नामक आवासीय कॉलोनी का है। शुरुआत में किसी को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। लेकिन जब घर से तेज बदबू और जलने की दुर्गंध फैलने लगी, तब आसपास के लोगों का रहना मुश्किल हो गया। परेशान पड़ोसियों ने आखिरकार पुलिस को इसकी सूचना दी।

शव की पहचान करना हुआ मुश्किल

सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर के बाथरूम से एक जली हुई लाश बरामद की। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि यह घर सीआईएमएफआर के रिटायर्ड वैज्ञानिक संगीत कुमार का था, जिनका निधन साल 2023 में हो चुका है। उनके बाद परिवार के सदस्य धीरे-धीरे समाज से कटते चले गए। उनकी तलाकशुदा बेटी लिपिका लंबे समय से मानसिक अवसाद से जूझ रही थी और अकेले ही घर में रहती थी।

Balrampur में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग में पत्नी ने रची खौफनाक साजिश

पुलिस के अनुसार, लिपिका की मौत 8 तारीख को ही हो गई थी। लेकिन इसके बाद जो हुआ, वह और भी चौंकाने वाला है। मृतका के बड़े भाई प्रणव ने बताया कि उसकी बहन की तबीयत अचानक खराब हो गई थी और वह बार-बार शौचालय जा रही थी। हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।

शव में पड़ गए कीड़े

प्रणव का दावा है कि उसने अपने छोटे भाई प्रबुद्ध राजवर्धन को इसकी सूचना दी थी, लेकिन उसने इस पर कोई खास ध्यान नहीं दिया। इस बीच, पांच दिनों तक शव घर में ही पड़ा रहा और उसमें सड़न शुरू हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि शव में कीड़े पड़ गए। ऐसी हालत में प्रणव ने खुद ही अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि उसने यह अंतिम संस्कार घर के बाथरूम में ही कर दिया। उसने तकिया, रजाई और कंबल का इस्तेमाल कर शव को जलाया।

दूसरी तरफ, छोटे भाई प्रबुद्ध राजवर्धन का बयान कुछ अलग है। उसका कहना है कि उसे बहन की मौत की जानकारी दी गई थी और वह अंतिम संस्कार का सामान लेकर घर भी पहुंचा था। लेकिन जब वह वहां पहुंचा तो बड़े भाई ने उसे बताया कि अंतिम संस्कार पहले ही किया जा चुका है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

सूने घर में लटकता मिला जनसेवा केंद्र संचालक, सुसाइड नोट में बेटी को बताया अपना दर्द

पड़ोसियों का कहना है कि यह परिवार लंबे समय से लोगों से कटा हुआ था और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था। यही कारण रहा कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद किसी को समय पर इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह मामला केवल लापरवाही का है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा हुआ है।

Location :  Dhanbad

Published :  14 April 2026, 4:30 PM IST

Advertisement