रायबरेली में आग से डीसीएम और मवेशी जले, 30 बीघा गेहूं की फसल राख

रायबरेली में आग की तीन बड़ी घटनाओं ने तबाही मचा दी। शॉर्ट सर्किट से डीसीएम जल गई, घर में आग से 7 बकरियां व 2 गायें जिंदा जल गईं और 30 बीघे गेहूं की फसल राख हो गई। ग्रामीणों में हड़कंप, अधिकारियों ने प्रभावित किसानों और पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

Raebareli: रायबरेली जनपद में मंगलवार को आग की तीन अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को दहला दिया। कहीं शॉर्ट सर्किट से डीसीएम ट्रक में आग लग गई तो कहीं घर में लगी भीषण आग ने मवेशियों और अनाज को जिंदा जला दिया। वहीं एक अन्य स्थान पर खेतों में लगी आग ने लगभग 30 बीघे गेहूं की फसल को राख में बदल दिया। इन घटनाओं से किसानों और ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जबकि प्रशासन ने जांच और मुआवजे का आश्वासन दिया है।

रायबरेली-लालगंज मार्ग पर डीसीएम में लगी आग

पहली घटना रायबरेली-लालगंज मार्ग पर रेल कोच फैक्ट्री के गेट के पास हुई, जहां अचानक एक डीसीएम ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा, जिससे आसपास मौजूद राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

डीसीएम चालक अशोक कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।

Raebareli Accident: वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आए दो भाई, एक की मौके पर मौत

हरचंदपुर में घर में लगी भीषण आग, मवेशियों की मौत

दूसरी घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अंगद का पुरवा मजरे प्यारेपुर गांव की है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में घर में बंधी 7 बकरियां और 2 गायों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इसके अलावा घर में रखा लगभग 30 बोरी गेहूं, 30 बोरी धान और 5 बोरी सरसों भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

घर के मालिक समरजीत आग बुझाने का प्रयास करते समय झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

Raebareli Road Accident: रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसा, दो लोग गंभीर रूप से घायल; जानें पूरा मामला

बछरावां में 30 बीघे गेहूं की फसल जलकर खाक

तीसरी घटना बछरावां थाना क्षेत्र के रसूलपुर जलालपुर गांव की है, जहां विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। आग ने तेजी से फैलते हुए लगभग 30 बीघे गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाने की कोशिश की और नगर पंचायत के टैंकर की मदद से आग बुझाई गई, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ी मौके तक नहीं पहुंच सकी क्योंकि खेतों तक जाने का रास्ता नहीं था।

दमकल वाहन लगभग 200 मीटर दूर ही खड़ा रह गया, जिससे किसानों में भारी आक्रोश देखा गया।

प्रशासन की प्रतिक्रिया और मुआवजे का आश्वासन

घटनाओं की सूचना पर राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित किसानों और पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

Location :  Raebareli

Published :  14 April 2026, 7:44 PM IST

Advertisement