हिंदी
खेल सुविधाओं का औचक निरीक्षण करते डीएम संतोष कुमार शर्मा (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: जनपद के जिला खेल स्टेडियम में विकसित की जा रही खेल सुविधाओं का औचक निरीक्षण जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेडियम परिसर में कई खामियां पाईं, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और मौके पर ही सुधार के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर में जगह-जगह उगी झाड़ियों और फैली गंदगी को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस पर उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वि/रा) को निर्देश दिया कि नगर पालिका और पंचायत स्तर पर संयुक्त सफाई टीम गठित कर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने नव निर्मित वॉलीबॉल और लॉन टेनिस कोर्ट का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मैदान के चारों ओर मिट्टी भराई कर किनारों को समतल करने के निर्देश दिए ताकि खिलाड़ियों को खेल के दौरान किसी प्रकार की चोट का खतरा न रहे। साथ ही लॉन टेनिस कोर्ट के चारों ओर मजबूत सुरक्षा जाली लगाने के आदेश भी दिए गए, जिससे गेंद बाहर न जाए और खेल बाधित न हो।
बैडमिंटन हॉल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रकाश व्यवस्था को अपर्याप्त पाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वहां मानक के अनुरूप पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ी बेहतर ढंग से अभ्यास कर सकें और खेल गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल सुविधाओं का विकास युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी निर्माण एवं सुधार कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवीन कुमार गोयल, उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 14 April 2026, 7:55 PM IST
Topics : DM Maharajganj sports stadium