हिंदी
महराजगंज में रोडवेज बस का कहर(Source: Dynamite News)
Maharajganj: जनपद के सिसवा-निचलौल मुख्य मार्ग पर सोमवार की रात एक हृदय विदारक सड़क हादसा सामने आया है। सिसवा नगरपालिका के दीनदयाल उपाध्याय नगर वार्ड में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। महराजगंज डिपो की एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह भीषण हादसा सोमवार की रात करीब 8 बजे हुआ। महराजगंज डिपो की रोडवेज बस (संख्या: UP 53 F 5852) निचलौल से सिसवा की तरफ आ रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा सिसवा से निचलौल की ओर जा रही एक बाइक (संख्या: UP 56 AA 1688) की बस से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीनों युवक बस के अगले पहिये के नीचे फंस गए और उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच, स्थिति को भांपते हुए रोडवेज बस का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा। घटना से आक्रोशित लोगों ने मार्ग पर काफी देर तक हंगामा भी किया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोठीभार थानाप्रभारी धर्मेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और बस के नीचे दबे शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने तीनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिजनों को मिली, उनके घरों में कोहराम मच गया। पुलिस अब फरार बस चालक की तलाश कर रही है और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने की मांग की है।
Location : Maharjganj
Published : 14 April 2026, 7:43 AM IST