Balrampur में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग में पत्नी ने रची खौफनाक साजिश

बलरामपुर में सड़क हादसा बता कर छुपाई गई दोहरे हत्याकांड की साजिश का पर्दाफाश। प्रेम प्रसंग और ब्लैकमेलिंग से तंग पत्नी खुशबू ने पति अनिल, भाई अजय व चचेरे भाई संतोष संग मिलकर दीपचंद और उसके दोस्त मनोज को मारकर शव नाले में फेंके।

Balrampur: थाना महराजगंज तराई क्षेत्र में सड़क हादसा बताकर छुपाई गई दो लोगों की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हत्या के बाद शवों को नाले के पास फेंककर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी।

सड़क दुर्घटना में मौत

13 अप्रैल को रमवापुर निवासी प्रमोद ने पुलिस को तहरीर दी कि उसके भाई मनोज और पड़ोसी दीपचंद उर्फ छोटू की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

चारों आरोपियों को जैसिंहडीह गांव से पकड़ गया

जांच के दौरान घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को मामले में संदिग्धता लगी। जिस पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की। सर्विलांस और कॉल डिटेल की मदद से पुलिस को शक हुआ कि मामला दुर्घटना का नहीं बल्कि हत्या का है। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर चारों आरोपियों को जैसिंहडीह गांव से पकड़ लिया।

मुख्य आरोपी खुशबू वर्मा ने क्या कहा? 

एसपी विकास कुमार ने बताया कि पूछताछ में मुख्य आरोपी खुशबू वर्मा ने बताया कि मृतक दीपचंद से उसकी शादी से पहले से जान-पहचान थी। शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत होती थी। खुशबू का आरोप है कि दीपचंद उसके पास मौजूद पुरानी तस्वीरों को लेकर लगातार दबाव बना रहा था। इससे उसके घर में रोज कलह होती थी।

Gorakhpur: पानी की टंकी में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रास्ते से हटाने की योजना बनाई

इसी से तंग आकर खुशबू ने पति अनिल कुमार, भाई अजय कुमार और चचेरे भाई संतोष कुमार के साथ मिलकर दीपचंद को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत खुशबू ने दीपचंद को गांव के बाहर बुलाया। वहां पहले से मौजूद अनिल और अजय ने दीपचंद और उसके साथ आए दोस्त मनोज की हत्या कर दी।

हत्या के बाद अजय ने संतोष की मदद से दोनों शवों को मोटरसाइकिल पर लादा और लौकहवा के सेवरहवा नाले के पास फेंक दिया। आरोपियों ने मृतकों की मोटरसाइकिल भी वहीं छोड़ दी जिससे पुलिस को पूरा मामला सड़क दुर्घटना का लगे।

Gorakhpur: पानी की टंकी में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पुलिस ने अनिल कुमार और उसकी पत्नी खुशबू वर्मा निवासी मध्यनगर, तथा अजय कुमार वर्मा और संतोष कुमार निवासी जैसिंहडीह को गिरफ्तार किया है। अजय के खिलाफ तुलसीपुर थाने में पहले से अपहरण का केस दर्ज है।

पुलिस टीम ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मृतक का टूटा हुआ मोबाइल और खुशबू की माला बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी ललिया देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी की टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

Location :  Balrampur

Published :  14 April 2026, 4:20 PM IST

Related News

Advertisement