हिंदी
मृतक शतीस कुमार निषाद (Img: DN)
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत उनवल के कस्बा संग्रामपुर वार्ड संख्या 4 से एक बेहद मर्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक 21 वर्षीय युवक ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया, जिसने पूरे परिवार को स्तब्ध कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक शतीस कुमार निषाद (21 वर्ष), पुत्र रामहुजूर निषाद, का एक युवती के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि 13 और 14 अप्रैल की मध्य रात्रि में युवक ने वीडियो कॉल के दौरान ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो कॉल किसके साथ हो रही थी। पुलिस इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
घटना की भनक परिजनों को तब लगी जब 14 अप्रैल की भोर करीब 3 बजे उन्हें युवक की गतिविधियों पर शक हुआ। घर के झरोखे से झांककर देखा तो युवक का शव कमरे में कुंडी से लटकता मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में युवक को यह कठोर कदम उठाना पड़ा।
मृतक तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध है।
फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग को इस घटना की प्रमुख वजह मानकर जांच कर रही है, लेकिन अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। मोबाइल कॉल डिटेल और वीडियो कॉल की सच्चाई सामने आने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा।
Gorakhpur: पीपीगंज के इस अपराधी की खुली हिस्ट्रीशीट, जानें क्या है ‘बी’ श्रेणी की निगरानी
क्या एक पल का फैसला पूरी जिंदगी खत्म कर सकता है? यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि भावनात्मक तनाव और रिश्तों में उलझन को समय रहते समझना और संभालना कितना जरूरी है।
Location : Gorakhpur
Published : 14 April 2026, 12:14 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Gorakhpur Police UP News