हिंदी
डोसा-इडली-सांभर गाने को लेकर विवाद (Image Source: Google)
New Delhi: IPL 2026 में 5 अप्रैल को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के मुकाबले के दौरान एक गाने ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। मैच के दौरान और खासकर CSK की पारी शुरू होने से पहले स्टेडियम में 'डोसा-इडली-सांभर-चटनी' से जुड़ा एक गाना बजाया गया। इस गाने को लेकर सीएसके फ्रेंचाइजी ने कड़ी आपत्ति जताई है।
सीएसके का कहना है कि यह गाना खिलाड़ियों और टीम का मजाक उड़ाने जैसा था और इससे टीम की सांस्कृतिक पहचान पर भी असर पड़ता है। फ्रेंचाइजी का मानना है कि यह केवल मनोरंजन नहीं बल्कि एक तरह की भड़काऊ हरकत थी, जिसने मैच के माहौल को प्रभावित किया।
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। टीम प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि स्टेडियम में डीजे द्वारा ऐसा गाना बजाना अनुचित था और इससे खिलाड़ियों के खिलाफ नकारात्मक माहौल बना।
CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आमतौर पर घरेलू टीम का समर्थन करने के लिए डीजे होता है, लेकिन इस बार स्थिति अलग थी। उनके अनुसार मैच के दौरान कुछ टिप्पणियां भी पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर की गईं, जो स्वीकार्य नहीं थीं। बीसीसीआई (BCCI) से जुड़े एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और गवर्निंग काउंसिल इस पूरे मामले की जांच करेगी।
आरसीबी और सीएसके के बीच मुकाबले हमेशा से ही हाई-वोल्टेज रहे हैं और इन्हें 'सदर्न डर्बी' भी कहा जाता है। पिछले कुछ वर्षों में दोनों टीमों के बीच फैंस की तगड़ी राइवलरी देखने को मिली है।
IPL 2026: KKR की लगातार हार, कप्तान अजिंक्य रहाणे बोले- नतीजे हमारे पक्ष में नहीं
हालांकि हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में सीएसके का पलड़ा कई सालों तक भारी रहा है, लेकिन हाल के सीजन में आरसीबी ने भी मजबूत प्रदर्शन किया है। मौजूदा आईपीएल सीजन में भी आरसीबी ने सीएसके को 43 रन से हराया था, जिससे दोनों टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा और तेज हो गई है। इस नए विवाद ने एक बार फिर दोनों फ्रेंचाइजी के बीच तनाव बढ़ा दिया है और अब सभी की नजर BCCI की जांच पर टिकी हुई है कि वह इस मामले में क्या फैसला लेती है।
Location : New Delhi
Published : 16 April 2026, 2:28 PM IST