हिंदी
डोईवाला में नगर व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कथित मारपीट प्रकरण के विरोध में जॉलीग्रांट चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने कानून व्यवस्था और शासन पर सवाल उठाते हुए सरकार पर अराजकता फैलने का आरोप लगाया।
डोईवाला में कांग्रेस का प्रदर्शन
Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार को नगर कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। 22 फरवरी 2026 को दोपहर 3 बजे जॉलीग्रांट चौक पर कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एक दिन पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल के कार्यालय में घुसकर उनके साथ मारपीट की। इस घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताया।
नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उनका आरोप था कि सत्ता के नशे में भाजपा कार्यकर्ता अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है और सरकार स्थिति संभालने में विफल रही है।
Uttarakhand: देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर जानलेवा हमला, कर्मचारियों में दहशत
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार का ध्यान मूल मुद्दों से भटक रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक कार्यक्रमों पर जोर दिया जा रहा है। करतार नेगी ने कहा कि धर्म की आड़ में राजनीति की जा रही है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है।
पुतला दहन
प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष करतार नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, मनोज नौटियाल, मंडलम अध्यक्ष मोहित कपूरवान, मंडलम अध्यक्ष संजीव भट्ट, नगर महासचिव रोहित नेगी, नगर कार्यालय प्रभारी चंद्रप्रकाश काला, अफसाना, रेखा कांडपाल, राहुल सैनी, शांतिप्रसाद भट्ट, बालेन्दर सजवान, ताजबर नेगी, मनोज पटवाल, प्रांजल चौहान, अरुण तिवाड़ी, आशीष राणा, खेम सिंह सजवान, सुनील और कमलेश भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मारपीट प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।