हिंदी
न्यायालयों को उड़ाने की धमकी से अफरा-तफरी (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Dehradun/Nainital: राज्य में न्यायालयों को लगातार बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। यह सिलसिला थम ही नहीं पा रहा है। इससे न्यायालयों में भय का माहौल है। नैनीताल हाई कोर्ट और जिला कोर्ट को गुरुवार को फिर से मिले एक संदेश ने हड़कंप मचा दिया है। मुख्य न्यायाधीश ने इसे लेकर बैठक बुलाई है। ईमेल से संदेश भेजकर कोर्ट परिसर को बम से उड़ने की धमकी दी गई है। इसके बाद जज चैंबर और कोर्ट परिसर खाली करने के साथ ही वहाँ सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पुलिस डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते के साथ परिसर के निरीक्षण और जांच में जुटी है। इससे पहले भी 16 और 17 फरवरी को जिला कोर्ट के आधिकारिक ईमेल पर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिला था। जिससे दो दिन कोर्ट में अफरा तफरी का माहौल रहा। न्यायिक कार्य बाधित होने से कई लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।
नैनीताल कोर्ट को धमकी मिलने पर तल्लीताल थाना पुलिस ने दो मुकदमे भी दर्ज किए हैं। दो दिन खलबली के बाद बुधवार को न्यायिक कार्य सुचारू रूप से चले, लेकिन गुरुवार को कोर्ट खुलने के बाद मिले एक और धमकी भरे संदेश ने खलबली मचा दी।
बीते दो संदेशों की तरह ही तीसरे मेल में भी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है। तीसरा संदेश मिलते ही आनन-फानन में जज चेंबर और कोर्ट परिसर खाली करवाया गया। फिलहाल पुलिस ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों की चेकिंग के साथ ही बाहरी लोगों से पूछताछ की जा रही है।
Uttarakhand News: मयाली बाजार में भालू की खौफनाक गतिविधि, वन विभाग का गुप्त अलर्ट जारी
राजधानी देहरादून में भी गुरुवार को दूसरी बार जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद कोर्ट कैंपस को खाली कराया गया। जांच के लिए बम निरोधक दस्ता की टीम पहुंच चुकी है।इससे पहले बुधवार को भी दून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला था। देहरादून जिला न्यायाधीश के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा मेल भेजकर न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह मेल गुरुवार प्रातः 3:55 बजे भेजी गई है।
Location : Dehradun/Nainital
Published : 19 February 2026, 1:41 PM IST