हिंदी
सास-बहू और जेठानी के तीन विवाद (Img: AI Generated Image)
Agra: परिवार में छोटी-छोटी बातों पर होने वाली कहासुनी कब बड़े विवाद में बदल जाए, कहा नहीं जा सकता। आगरा के परिवार परामर्श केंद्र में ऐसे ही कई मामले सामने आए, जहां मामूली लगने वाली घरेलू बातों ने पति-पत्नी के रिश्ते में इतनी दरार पैदा कर दी कि मामला मायके तक पहुंच गया। काउंसलरों की कोशिशों के बीच इन मामलों की सुनवाई की गई।
पहला मामला टेढ़ी बगिया क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक अप्रैल 2026 में परिवार की सहमति से युवक की शादी शाहदरा निवासी युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही युवती और ससुराल पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि ससुराल वालों ने युवती पर ठीक से खाना नहीं बनाने की बात कहकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ा कि शादी के करीब छह महीने के भीतर ही उसे मायके छोड़ दिया गया। युवक पक्ष की ओर से यह मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंचा। रविवार को इसकी पहली सुनवाई हुई।
ये भी पढ़ें- रूठी पत्नी को मनाने ससुराल गया था युवक, संदिग्ध हालात में मौत: पिता ने लगाया शराब में जहर देने का गंभीर आरोप
दूसरा मामला बोदला निवासी युवती से जुड़ा है। उसकी शादी मई 2026 में धूलियागंज निवासी युवक से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में ही खर्चों को लेकर दोनों के बीच मतभेद होने लगे थे।
विवाद तब और बढ़ गया जब युवती ने ऑनलाइन चप्पल मंगाई। पति को जब इसकी जानकारी हुई तो कथित तौर पर उसने पत्नी के साथ मारपीट की और उसे मायके छोड़ दिया। इसके बाद मामला परिवार परामर्श केंद्र में पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश की जा रही है।
तीसरा मामला जलेसर रोड निवासी युवक और टेढ़ी बगिया निवासी युवती का है। दोनों की शादी फरवरी 2025 में हुई थी। युवती के अनुसार, शुरुआत में वैवाहिक जीवन सामान्य था, लेकिन बाद में घरेलू बातों को लेकर तनाव बढ़ने लगा।
ये भी पढ़ें- बदायूं में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या, ससुराल वालों पर गला घोंटकर मारने का आरोप, मायके वालों ने किया हंगामा
महिला का आरोप है कि उनकी छह महीने की बेटी के लिए रखा दूध फ्रिज में खराब हो गया था। इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। महिला ने यह भी बताया कि करीब डेढ़ साल से अलग रह रही जेठानी जब वापस आईं तो उसके बाद पति के व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया। रविवार को इस मामले की परिवार परामर्श केंद्र में दूसरी सुनवाई हुई। काउंसलरों की ओर से दोनों पक्षों की बात सुनकर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया।
Location : Agra
Published : 21 September 2026, 2:43 PM IST