गवाही की तारीख आई तो नहीं पहुंचे इंस्पेक्टर, कोर्ट ने लिया सख्त एक्शन; भेजा ये नोटिस

तय तारीख पर गवाही देने से असमर्थता जताना एक यातायात निरीक्षक के लिए भारी पड़ गया। अदालत ने मामले में अब सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 September 2026, 10:02 AM IST
google-preferred

Agra: आगरा के एक लंबित मुकदमे में गवाही से दूरी बनाना यातायात निरीक्षक राजीव कुमार को भारी पड़ गया। तय तारीख पर अदालत में गवाही होनी थी, लेकिन उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी बयान देने में असमर्थता जताई। इसके बाद अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

अपर जिला जज-4 पवन कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने तत्कालीन यातायात निरीक्षक राजीव कुमार के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 29 के तहत नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। राजीव कुमार फिलहाल प्रयागराज जनपद में तैनात हैं। अदालत ने यह भी निर्देश दिया है कि जब तक वह अदालत में उपस्थित होकर गवाही नहीं देते, तब तक उनका अग्रिम वेतन रोका जाए।

कई बार आदेश के बावजूद नहीं हुई गवाही

मामला थाना रकाबगंज में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। ‘राज्य बनाम सूरज जाटव आदि’ नाम से चल रहे इस मुकदमे में राजीव कुमार गवाह हैं। अदालत के अनुसार, गवाही के लिए पहले भी कई बार आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन उनका अनुपालन नहीं हुआ।

ये भी पढ़ें- NIA का बड़ा एक्शन: रुड़की से पकड़ा गया सहारनपुर का युवक, 17 करोड़ के नकली नोट मामले में पूछताछ तेज, मची खलबली

गवाही सुनिश्चित कराने के लिए इससे पहले जमानती और गैर जमानती वारंट भी तामील कराए गए थे। इसके बाद राजीव कुमार की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया गया था। अदालत ने उनके प्रार्थनापत्र को स्वीकार करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से गवाही के लिए तारीख तय की थी।

17 सितंबर को फिर सामने आई अड़चन

17 सितंबर को राजीव कुमार की गवाही होनी थी। हालांकि, उस दिन उन्होंने फोन के जरिए अदालत को बताया कि किसी कारण से वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी गवाही देने की स्थिति में नहीं हैं।इसके बाद अभियोजन की ओर से अदालत से उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की मांग की गई। मामले की परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने अब पुलिस एक्ट की धारा 29 के तहत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें- “मैं सिया की खास सहेली माही हूं”, एक मैसेज ने खोला केतन हत्याकांड का राज, 5053 पन्नों की चार्जशीट में चौंकाने वाले खुलासे

प्रयागराज पुलिस अधीक्षक को भी भेजा आदेश

अदालत ने राजीव कुमार की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए आदेश की प्रति प्रयागराज के पुलिस अधीक्षक को भेजने का निर्देश दिया है। यानी अब उनकी अदालत में मौजूदगी सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित पुलिस अधिकारियों पर भी रहेगी। मामले में अगली गवाही के लिए 29 सितंबर की तारीख तय की गई है। 

Location :  Agra

Published :  20 September 2026, 10:02 AM IST

Related News

Advertisement