अमेठी में स्कॉर्पियो सवार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कान से छूकर निकली गोली

अमेठी बाईपास पर शनिवार देर शाम गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। स्कॉर्पियो सवार युवकों को घेरकर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिसमें गोली गाड़ी का शीशा तोड़ते हुए युवक के कान के पास से निकल गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 20 September 2026, 2:51 AM IST
google-preferred

Amethi: जिले के अमेठी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम बाईपास पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने स्कॉर्पियो सवार युवकों को रोककर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं। इस हमले में गोली स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ते हुए युवक के कान के पास से निकल गई।

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कुछ लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, अमेठी थाना क्षेत्र के बाईपास स्थित शगुन ऑटोमोबाइल के पास शनिवार को यह घटना हुई। मुंशीगंज थाना क्षेत्र के बन्दोईया निवासी यश तिवारी पुत्र अजय तिवारी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह शनिवार को लखनऊ से अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से वापस अमेठी लौट रहा था। रास्ते में उसे महसूस हुआ कि एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार उसकी गाड़ी का पीछा कर रही है।

स्विफ्ट डिजायर कार पर बैठे आरोपी

पीड़ित के अनुसार, वह सुरक्षा के लिहाज से अमेठी स्थित अपने आवास के पास शगुन ऑटोमोबाइल के नजदीक गाड़ी रोककर नीचे उतरने वाला था। तभी पीछा कर रही स्विफ्ट डिजायर कार अचानक उसकी स्कॉर्पियो के सामने आकर रुक गई। आरोप है कि कार से सूरज सोनी, शुभम गुप्ता उर्फ शाकाल, शिवपूजन चौरसिया उर्फ शेख और एक अन्य व्यक्ति असलहा लेकर उतरे और फायरिंग शुरू कर दी।

मामले की जानकारी देते अपर पुलिस अधीक्षक

स्कॉर्पियो सवार ने लगाया आरोप

यश तिवारी ने आरोप लगाया कि हमलावरों की ओर से चलाई गई गोली स्कॉर्पियो के शीशे को तोड़ते हुए उसके कान के पास से निकल गई। इसके बाद वह शोर मचाते हुए बचने के लिए घर की ओर भागा। आरोप है कि सूरज सोनी असलहा लेकर उसका पीछा करता रहा और जान से मारने की धमकी देते हुए हवाई फायरिंग भी की।

Amethi: हिंदी पखवाड़े में क्यों हुई कार्यशैली बदलने की बात? अमेठी विश्वविद्यालय में मिला बड़ा संदेश

आरोपी मौके से फरार

घटना के दौरान आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जिन लोगों पर उसने हमला करने का आरोप लगाया है, वे आपराधिक छवि के हैं और उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

Amethi: अमेठी दोहरे हत्याकांड में 9 साल बाद फैसला, पांच दोषियों को उम्रकैद

मामले में पुलिस की कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन कराया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Amethi

Published :  20 September 2026, 2:49 AM IST

Advertisement