आगरा में ताजमहल के पास बम की धमकी, रिसॉर्ट खाली कराया, BDS और डॉग स्क्वॉड ने खंगाला पूरा परिसर

आगरा में ताजमहल के पास ताजगंज क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। मेल में आठ दिन के भीतर कभी भी ब्लास्ट की धमकी दी गई थी। सूचना पर पुलिस, BDS और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और पूरे रिसॉर्ट की तलाशी ली। जांच में फिलहाल कोई विस्फोटक नहीं मिला है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 September 2026, 9:17 PM IST
google-preferred

Agra: ताजमहल के पास एक रिसॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ताजगंज थाना क्षेत्र में जालमा संस्थान के पास स्थित ताज रिसॉर्ट की मेल आईडी पर धमकी भरा ई-मेल भेजा गया। ई-मेल में दावा किया गया कि रिसॉर्ट के अंदर बम रखा गया है और आठ दिन के भीतर कभी भी ब्लास्ट हो सकता है। धमकी भरा मेल मिलते ही रिसॉर्ट संचालक ने पुलिस को सूचना दी।

मेल पर आया धमकी भरा ई-मेल

रिसॉर्ट ऑनर रमेश वाधवा के मुताबिक, शाम के समय रिसॉर्ट की आधिकारिक मेल आईडी पर एक संदेश आया। इसमें रिसॉर्ट के अंदर बम रखे होने और आठ दिन के भीतर किसी भी समय विस्फोट किए जाने की धमकी दी गई थी। धमकी भरा ई-मेल पढ़ने के बाद रिसॉर्ट संचालक ने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

खाली कराया गया रिसॉर्ट

पुलिस ने सबसे पहले रिसॉर्ट में मौजूद लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद BDS टीम ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच शुरू की। टीम ने रिसॉर्ट के कमरों के अलावा हॉल, किचन, स्टोर रूम, पार्किंग और बेसमेंट की भी तलाशी ली। करीब दो घंटे तक चले तलाशी अभियान में टीम ने आधुनिक उपकरणों की मदद से परिसर को स्कैन किया। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।

ई-मेल भेजने वाले की तलाश में साइबर सेल

पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे ई-मेल में बम रखे होने की बात कही गई है, लेकिन उसमें बम की कोई खास लोकेशन या उसके प्रकार से जुड़ी जानकारी नहीं दी गई। अब पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच के लिए साइबर सेल को भी लगाया गया है। पुलिस ई-मेल की तकनीकी जानकारी जुटा रही है।

जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि रिसॉर्ट मालिक ने धमकी भरे ई-मेल की जानकारी पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि रिसॉर्ट ऑनर की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  17 September 2026, 9:16 PM IST

Related News

Advertisement