हिंदी
युवक की हरकतों से परेशान युवती ने छोड़ी पढ़ाई(Source: Pinterest)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक पर लगातार परेशान करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी की हरकतों से तंग आकर उसे अपनी पढ़ाई तक छोड़नी पड़ी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और उसके पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, गैलाना निवासी रोहित उसे रास्ते में रोककर परेशान करता था। लगातार हो रही कथित अभद्रता और प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने स्कूल जाना बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बाद भी युवक की हरकतें नहीं रुकीं और वह युवती के घर पहुंचकर गाली-गलौज करने के साथ धमकी देने लगा।
युवती ने बताया कि उसने पूरे मामले की जानकारी अपने ताऊ को दी। इसके बाद ताऊ आरोपी रोहित के पिता मुकेश से शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान रोहित ने उनके ताऊ को तमाचा मार दिया। इसके बाद रोहित और उसके पिता मुकेश ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।
पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करते हुए कहा कि यदि भविष्य में उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसके लिए रोहित और उसके पिता जिम्मेदार होंगे। युवती ने मामले में कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Agra
Published : 17 September 2026, 1:17 PM IST