स्कूल की पहली मंजिल पर अचानक चली गोलियां, शिक्षिका समेत दो की मौत; बच्चों में मची चीख-पुकार

लखीमपुर खीरी के चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में सोमवार सुबह गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। स्कूल की पहली मंजिल पर हुई वारदात में शिक्षिका निशात फातिमा और एक युवक की मौत हो गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 September 2026, 2:31 PM IST
google-preferred

Lakhimpur Kheri: सदर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल की पहली मंजिल पर अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। घटना में एक महिला शिक्षिका और एक युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद स्कूल में मौजूद बच्चे सहम गए। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।

पहली मंजिल पर हुई वारदात

जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शहर कोतवाली क्षेत्र के नौरंगाबाद निवासी सऊद अंसारी स्कूल की पहली मंजिल पर पहुंचा था। आरोप है कि उसने वहां शिक्षिका निशात फातिमा को तमंचे से गोली मार दी।

इसके बाद सऊद अंसारी ने खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूल परिसर में गोलियां चलने की खबर फैलते ही वहां चीख-पुकार मच गई और बच्चों के बीच डर का माहौल बन गया।

ये भी पढ़ें- दो कमरों में मिले पुरुष-महिलाएं, बाकी कमरों में ग्राहक का इंतजार; पुलिस रेड में खुला कथित धंधे का राज

अभिभावक पहुंचे स्कूल

घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी स्कूल पहुंचने लगे। स्कूल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

शहर कोतवाल राजेश सिंह के अनुसार घटनास्थल पर जांच की जा रही है। वहीं, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। घटना के बाद स्कूल में मौजूद सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया। पुलिस स्कूल स्टाफ से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला

शुरुआती जानकारी में घटना को कथित तौर पर प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। मृत शिक्षिका निशात फातिमा हिदायत नगर की रहने वाली बताई गई हैं, जबकि सऊद अंसारी नौरंगाबाद का निवासी बताया गया है। दोनों के मोहल्ले आसपास होने की बात सामने आई है।

ये भी पढ़ें- 6 लाख के दहेज से भी नहीं भरा लालच का घड़ा; बंद कमरे में मिली नवविवाहिता की लाश, परिजनों ने लगाया आरोप

हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह अभी पुलिस जांच का विषय है। पुलिस अधिकारी स्कूल स्टाफ और अन्य लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आएगी पूरी कहानी

स्कूल जैसे स्थान पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहर में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्कूल में कैसे दाखिल हुआ और घटना से पहले क्या हुआ था। फॉरेंसिक जांच के साथ पुलिस मौके से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है। घटना के बाद स्कूल में सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता का माहौल है।

Location :  Lakhimpur Kheri

Published :  21 September 2026, 2:31 PM IST

Related News

Advertisement