हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
भागलपुर: बिहार के भागलपुर में सोमवार (21 सितंबर 2026) को एक दर्दनाक हादसे में छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के तरैटा बहियार स्थित एक पोखर की है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे करमा-धरमा पर्व के मौके पर पोखर में स्नान करने पहुंचे थे। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक, करीब 12 से 13 वर्ष की उम्र के ये बच्चे आपस में साथ थे और पर्व के अवसर पर पोखर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरे बच्चे भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते कई बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए। इस हादसे में तीन लड़कों और तीन लड़कियों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, आयुष कुमार, राहुल कुमार, पूजा कुमारी और विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि ज्योति कुमारी को छोड़कर बाकी सभी बच्चे विष्णु टोला के वार्ड नंबर 27 के रहने वाले थे। राहुल कुमार और पूजा कुमारी आपस में भाई-बहन थे। वहीं, एक बच्चा सबौर क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है, जो अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था।
बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद बच्चों को पोखर से बाहर निकाला। इसके बाद सभी को तत्काल रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी छह बच्चों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी बच्चों की उम्र करीब 12 से 13 वर्ष थी।
एक साथ छह बच्चों की मौत की खबर से पूरे इलाके में मातम पसर गया। जिन परिवारों में करमा-धरमा पर्व को लेकर उत्साह था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ छह परिवारों के चिराग बुझने से गांव में हर तरफ गम का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल की जानकारी ली और हादसे के संबंध में स्थानीय लोगों व परिजनों से जानकारी जुटाई। चिकित्सकों के अनुसार, सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Location : Bhagalpur
Published : 21 September 2026, 2:38 PM IST