हिंदी
दरभंगा साइबर धोखाधड़ी (Img: Dynamite News)
Darbhanga: बिहार के दरभंगा से सोशल मीडिया पर दोस्ती और शादी का भरोसा दिलाकर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। बिहार के दरभंगा में एक इंजीनियर को कथित युवती ने बेहतर भविष्य और शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मां और बहन की रकम भी निवेश कर दी। ठगी का अहसास होने पर उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की।
मामला दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र के नवादा गांव का है। यहां रहने वाले इंजीनियर दीपक कुमार झा के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक युवती ने उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और युवती ने शादी का प्रस्ताव रखकर साथ में सुखी जीवन बिताने का सपना दिखाया।
आरोप है कि युवती ने शेयर बाजार में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने की बात कही। इसके बाद दीपक को अलग-अलग बैंक खातों में पैसे भेजने के लिए तैयार कर लिया। करीब तीन महीने के भीतर उन्होंने 30 बैंक खातों में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
ये भी पढ़ें: Darbhanga: सीताराम साहनी हत्याकांड के 4 आरोपियों को आजीवन कारावास, 25 हजार अर्थदंड
पीड़ित के अनुसार, कथित युवती ने कभी वीडियो कॉल नहीं की और न ही आमने-सामने मुलाकात हुई। वह केवल ऑनलाइन कॉल के जरिए बात करती थी। जब दीपक ने निवेश की रकम वापस मांगी, तो युवती सिस्टम मेंटेनेंस का बहाना बनाकर भुगतान टालती रही।
कई बार दो-तीन दिन का समय देने के बाद उसने बताया कि जमा रकम का केवल 25 प्रतिशत ही वापस मिल सकता है। इसके बाद जब उसने और पैसे मांगे, तो दीपक को ठगी का शक हुआ।
ये भी पढ़ें: Darbhanga: विवाहिता से दुष्कर्म मामले में दोषी को सुनाई 10 साल की जेल, पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर देता था धमकी
ठगी का पता चलते ही दीपक ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 2 नवंबर को दरभंगा साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष विपिन बिहारी के मुताबिक, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर इस्तेमाल की गई तस्वीर की जांच में उसका मिलान नहीं हो सका है। पुलिस तकनीकी माध्यमों से आरोपी की पहचान करने और संबंधित बैंक खातों का सत्यापन कराने में जुटी है।
Location : Darbhanga
Published : 4 November 2026, 7:58 PM IST
Topics : Darbhanga Cyber Fraud Engineer 1.5 Crore Fraud Online Marriage Scam Social Media Investment Scam
No related posts found.