हिंदी
दादरी मेला 2026 (Img: Dynamite News)
Ballia: उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए। इस बार मेले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की भी तैयारी है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें बताया गया कि 17 नवंबर को ददरी मेले का भूमि पूजन किया जाएगा। वहीं, 9 से 30 नवंबर तक पशु मेला लगेगा। मेले का मीना बाजार 24 नवंबर से 20 दिसंबर तक आयोजित होगा।
इसके अलावा 23 और 24 नवंबर को शिवपुर घाट पर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें: Ballia: कनैला में छात्र की मौत के मामले में प्रधानाध्यापक समेत चार के विरुद्ध FIR दर्ज
डीएम ने महावीर घाट से पीडब्ल्यूडी स्टोर तक पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा है। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी स्टोर से शवदाह गृह तक कच्ची सड़क और वहां से स्नान घाट तक आने-जाने के लिए उचित रास्ता तैयार करने के निर्देश दिए।
स्नान घाट पर रोशनी, पेयजल, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग और पर्याप्त नावों की व्यवस्था करने को कहा गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
ददरी मेले को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए बिहार सीमा पर प्रचार से जुड़ी होर्डिंग लगाई जाएंगी। शहर की एलईडी स्क्रीन पर भी मेले का प्रचार किया जाएगा। मेला परिसर में चार स्थानों पर पार्किंग बनाने और पुलिस थाना व चौकी के लिए जगह पहले से तय करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने किसानों से जुड़ी 89 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को भी कहा। इसके साथ ही सफाई, शौचालय और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था करने पर जोर दिया।
ये भी पढ़ें: Ballia News: स्कूल की छत पर लौकी-तोरई तोड़ने गया चौथी का छात्र, हाईटेंशन तार ने छीन ली जिंदगी
इस बार ददरी मेले में भारतेंदु मंच पर कई सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों का कैलेंडर इस प्रकार है:
27 नवंबर - चेतन प्रतियोगिता
30 नवंबर - दंगल प्रतियोगिता
1 से 5 दिसंबर - खेल प्रतियोगिताएं
5 दिसंबर - भक्ति नाइट्स
8 दिसंबर - म्यूजिक नाइट्स
11 दिसंबर - भोजपुरी नाइट्स
13 दिसंबर - संत समागम
15 दिसंबर - बॉलीवुड नाइट्स
17 दिसंबर - कवि सम्मेलन
19 दिसंबर - कव्वाली
जिलाधिकारी ने मेले के प्रचार के लिए राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों और पर्यटकों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा। प्रशासन का लक्ष्य है कि ददरी मेला और कार्तिक पूर्णिमा स्नान सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए।
Location : Ballia
Published : 4 November 2026, 7:53 PM IST
Topics : Ballia Dadri Mela Date Ballia News Dadri mela 2026 Kartik Purnima Snan 2026 Shivpur Ghat News