हिंदी
Budaun: जिले के दातागंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 8 बजे रामलीला मेले में खूनी खेल हो गया। खिलौने के रेट को लेकर हुए विवाद में दुकानदार ने अपने 2 बेटों के साथ मिलकर ग्राहक की धारदार हथियार से हत्या कर दी। बीच-बचाव में उसका दोस्त गंभीर घायल हो गया। वारदात के बाद मेले में दहशत फैल गई और व्यापारी दुकानें बंद कर भाग गए।
रोहित (25) और ऋतिक गांव बेहटा माधव के रहने वाले थे। उनके गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर शुक्रवार बाजार में मेला लगा था। शनिवार शाम करीब 7 बजे दोनों दोस्त घर से मेला घूमने निकले थे।
मृतक युवक की फाइल फोटो
मेले में रोहित अपनी बेटी के लिए खिलौना खरीदने एक दुकान पर पहुंचा। इसी दौरान खिलौने के रेट को लेकर उसकी दुकानदार से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया। दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी।
इसी बीच दुकानदार के दो बेटों ने धारदार हथियार निकाल लिए। रोहित और ऋतिक पर ताबड़तोड़ वार करने लगे। हमले में रोहित लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋतिक गंभीर घायल हो गया।
मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आरोपी दुकानदार रहीस अहमद बरेली के फरीदपुर का रहने वाला है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
घायल युवक दातागंज से BJP विधायक राजीव सिंह के ममेरे भाई का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। उसका बरेली हायर सेंटर में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया- मेले में खिलौने के पैसे को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसमें दो लोगों को चाकू लगा। इनमें से एक युवक की मौत हो गई। दूसरे का बरेली हायर सेंटर में इलाज चल रहा है।
मामले में दो आरोपी हैं। एक को हिरासत में लिया गया है। दूसरे की तलाश की जा रही है। शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 8 November 2026, 2:10 AM IST