हिंदी
बदायूं में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप
Budaun: जिले में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आयी है। थाना मूसाझाग क्षेत्रान्तर्गत ग्राम गुरगांव में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त सूचना के अनुसार अवधेश पुत्र गंगाराम उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम गुरगांव अपने खाली प्लॉट में झाड़ू लगा रहे थे। तभी उनके पड़ोसी मुनेंद्र आदि वहां पहुंच गए। उन्होंने कुल्हाड़ी व फावड़े से अवधेश पर हमला कर दिया। हमले में आई गंभीर चोटों से अवधेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इस सूचना पर थाना मूसाझाग पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को पंचायतनामा / पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
मामले की जानकारी देते एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह
पुलिस के अनुसार आरोपी मुनेंद्र की पुत्री को मृतक अवधेश के छोटे भाई दुर्वेश के लड़के अमन द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया था। जिस सम्बन्ध में 08.12.2025 को मुनेंद्र द्वारा मु0अ0सं0 279/2025 बनाम अमन पंजीकृत कराया गया था।
विवेचना के क्रम में दिनांक 04.11.2026 को पुलिस द्वारा अपहर्ता को बरामद कर विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही थी। उक्त मुकदमे की रंजिश में आज मुनेंद्र आदि लोगों ने अवधेश पर कुल्हाड़ी व फावड़े से हमला कर दिया। हमले में आई चोटों से अवधेश की मृत्यु हो गई।
हत्या की घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
Location : Budaun
Published : 5 November 2026, 11:25 PM IST