Sonbhadra: पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट

यूपी के सोनभद्र में रविवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष के युवक पर गंभीर चोटें आयी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 10 May 2026, 8:56 PM IST
google-preferred

Sonbhadra: चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत सलखन गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार सलखन गांव में लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था। रविवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी डर गए।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने मोबाइल में कैद कर लिया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद घायल युवक के परिजन उसे लेकर सीधे चोपन थाने पहुंचे। वहां उन्होंने दूसरे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप

परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में पहले भी कई बार विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पहले प्रभावी कदम उठाए गए होते तो यह घटना नहीं होती।

सोनभद्र कलेक्ट्रेट में बड़ा हड़कंप! पेट्रोल लेकर पहुंचा युवक, समय रहते पुलिस ने टाली अनहोनी…

मामले में पुलिस की कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घायल युवक को उपचार के लिए चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर और हाथ में गहरी चोटें आई हैं।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

सोनभद्र में ड्रग माफियाओं पर शिकंजा, आलीशान मकान और बैंक खाते सीज

अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार गांव में पुरानी रंजिश को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Sonbhadra

Published :  10 May 2026, 8:52 PM IST

Advertisement