हिंदी
सीतापुर में रफ्तार का कहर (IMG: Dynamite News)
Sitapur: हरदोई-सीतापुर मुख्य मार्ग पर तिवारी ढाबा के पास पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच ऐसी जोरदार टक्कर हुई कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गाड़ी के अंदर मलबे के बीच बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह चालक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जिंदगी नहीं बच सकी। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
यह पूरा मामला सीतापुर जिले के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात हरदोई-सीतापुर मुख्य मार्ग पर तिवारी ढाबा के पास पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में इसकी आवाज गूंज उठी। ढाबे पर मौजूद लोग और आसपास के ग्रामीण आवाज सुनकर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
मृतक की पहचान मिश्रिख थाना क्षेत्र के ग्राम अहमदनगर निवासी शकील पुत्र इशहाक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात शकील अपनी पिकअप लेकर नैमिषारण्य की ओर से मिश्रिख आ रहे थे। वह हरदोई-सीतापुर मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान जब उनकी पिकअप तिवारी ढाबा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मिश्रिख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। काफी कोशिशों के बाद पिकअप में फंसे शकील को बाहर निकाला जा सका। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, शकील की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया।
सीतापुर में रफ्तार का कहर (IMG: Dynamite News)
शकील की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। जिस शख्स के सुरक्षित घर लौटने का इंतजार किया जा रहा था, उसकी मौत की खबर ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है। मिश्रिख कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sitapur
Published : 16 November 2026, 1:55 PM IST