हिंदी
तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचला(img: Dynamite news)
Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के इंदौरा में शनिवार शाम करीब 5:30 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बिजली का पोल तोड़ते हुए छप्पर और गुमटी में जा घुसी।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के काशीपुर निवासी प्रमोद वर्मा अपने परिवार के साथ कार से बाराबंकी के फतेहपुर में साले की बेटी के सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। महमूदाबाद के इंदौरा में अशोक वाटिका के सामने अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई। कार ने सड़क किनारे बैठे जाहिद उर्फ गुड्डू (40), राजाराम (45), ताहिर (42), मनोज (35) और विजय (50) को टक्कर मार दी। इसके बाद कार बिजली का पोल तोड़ते हुए बबलू यादव के घर के बाहर बने छप्पर और गुमटी में घुस गई।
हादसे में एक की मौत हुई(img: Dynamite news)
हादसे में कार सवार प्रमोद और उनकी मां कलावती समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जाहिद उर्फ गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। राजाराम की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जाहिद परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह साउंड सर्विस का काम करता था और खाली समय में ऑटो चलाकर परिवार का खर्च उठाता था। उसकी मौत से पत्नी साबरन निशां और तीन बेटों शाजिम अली, वामिश और सफान के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार में कोहराम मचा है।
Agra: दलित सम्मेलन से पहले भाजपा का बड़ा दांव! बुद्ध वंदना कर भंतों का किया सम्मान
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली और अस्पताल में जुटी भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर हादसे की जांच की जा रही है।
Location : sitapur
Published : 14 November 2026, 7:15 PM IST
Topics : crime news Road Accident Sitapur News UP News