हिंदी
शिवशरणप्पा जी. एन. ने संभाली डीएम की कुर्सी (Img : Dynamite News)
महराजगंज: जनपद को नया जिलाधिकारी मिल गया है। हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2015 बैच के आईएएस अधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. को महराजगंज का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। नवागत डीएम ने जिले में पहुंचकर जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वहीं, अब तक महराजगंज की प्रशासनिक कमान संभाल रहे गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर जनपद का जिलाधिकारी बनाया गया है।
जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण (Img : Dynamite News)
नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. के पास प्रशासनिक सेवा का अच्छा अनुभव है। मूल रूप से कर्नाटक के बेंगलुरु के रहने वाले शिवशरणप्पा वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने मैसूर स्थित जेएसएस साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक की डिग्री हासिल की है।
महराजगंज आने से पहले शिवशरणप्पा जी. एन. चित्रकूट और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके अलावा कानपुर में नगर आयुक्त एवं कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई है। देवरिया में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर तैनात रहने के साथ ही गाजीपुर और जौनपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
चित्रकूट और सिद्धार्थनगर के बाद महराजगंज तीसरा जनपद होगा, जहां शिवशरणप्पा जी. एन. जिलाधिकारी के रूप में प्रशासनिक कमान संभालेंगे। उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही जिले में नए प्रशासनिक नेतृत्व की शुरुआत हो गई है। अब विकास योजनाओं की प्रगति, सरकारी विभागों की जवाबदेही, जनशिकायतों का निस्तारण और शासन की प्राथमिकताओं को जमीन पर उतारने के मोर्चे पर नवागत डीएम की कार्यशैली पर सबकी निगाहें रहेंगी। पद भार ग्रहण के तुरंत बाद ही उन्होंने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण भी किया।
Location : Maharajganj
Published : 14 November 2026, 7:06 PM IST
Topics : IAS Transfer List IAS officer Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Shivsharanappa GN UP IAS Transfer