हाय रे बेबस अबला: नहीं बेचा गांजा तो नशे के कारोबारियों ने जानलेवा हमला कर किया लहूलुहान

दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में गांजा बेचने से इनकार करने पर एक महिला और उसके 15 वर्षीय देवर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिवाली की रात करीब 10 लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 13 November 2026, 10:34 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में दिवाली की रात एक महिला और उसके 15 वर्षीय देवर के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांजा बेचने से इनकार करने पर कुछ लोगों ने महिला और उसके परिवार को निशाना बनाया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो वयस्क और चार नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना 8 नवंबर की रात की है।

पीड़िता की पहचान 37 वर्षीय राधा के रूप में हुई है। वह संगम विहार की रहने वाली हैं और फूल-मालाएं बेचकर अपने परिवार का गुजारा करती हैं। परिवार का आरोप है कि सोनी नाम का एक व्यक्ति राधा पर गांजा बेचने का दबाव बना रहा था। इससे इनकार करने पर उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। परिवार का यह भी दावा है कि इससे पहले भी उनके साथ मारपीट की गई थी।

हवा में घुला जहर, सांसो पर लगी इमरजेंसी, दिल्ली में प्रदूषण का आपातकाल

वायरल वीडियो में महिला पर डंडे से हमला करते दिखे आरोपी

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में महिला दक्षिण दिल्ली में सड़क किनारे बैठी दिखाई दे रही हैं। वह वहां फूल और मालाएं बेच रही थीं। इसी दौरान सफेद शर्ट पहने एक लड़का उनके पास आता है और किसी के बारे में पूछता है। आरोप है कि उसके साथ मौजूद मुंह ढके एक अन्य लड़के ने अचानक महिला पर डंडे से हमला करना शुरू कर दिया। वीडियो में महिला पर कई बार डंडे से वार करते हुए देखा जा सकता है। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर भी एक अन्य व्यक्ति हमला करता दिखाई देता है।

पीड़ित परिवार के सदस्य अमन ने बताया कि घटना तड़के करीब तीन बजे हुई थी। उस समय राधा अकेले बैठकर मालाएं बना रही थीं और वह सो रहा था। अमन के मुताबिक, हमलावरों ने पहले उसके बारे में पूछा और फिर राधा को पीटना शुरू कर दिया। हमले में राधा बेहोश हो गईं। जब अमन की नींद खुली और वह उन्हें बचाने के लिए पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद उसने वहां से भागकर अस्पताल में मदद ली।

हमले में महिला और परिवार के सदस्यों को आई चोटें

अमन ने दावा किया कि हमले में कम से कम 10 लोग शामिल थे। उनके पास लोहे की रॉड, लाठियां और चाकू थे। हमले में अमन के सिर और पैर में चोट आई, जबकि राधा के सिर, पीठ और पैरों में चोटें लगीं। परिवार ने राधा के एक अन्य बेटे को भी चोट पहुंचने का दावा किया है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांजा बेचने से इनकार करने के कारण उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। परिवार के वकील ने दावा किया कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस से चार से पांच बार शिकायत की थी, लेकिन शुरुआत में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनके मुताबिक, राधा और उनके बेटे का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया था।

वकील ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने और मीडिया में मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई की। उन्होंने यह भी दावा किया कि राधा को नशीले पदार्थ बेचने से इनकार करने के कारण पहले भी तीन बार निशाना बनाया गया था।

दो वयस्क और चार नाबालिग गिरफ्तार

दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 35 वर्षीय सोनी, 22 वर्षीय उस्मान नौशाद और चार नाबालिग शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, उस्मान नौशाद के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 2022 में जैतपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत और 2024 में बदरपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वहीं, सोनी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला 2025 में हौज खास थाने और दूसरा 2026 में सफदरजंग एन्क्लेव थाने में दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनके बीच पहले भी विवाद हो चुका है। सोनी, राधा का रिश्तेदार है।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी

शिकायतकर्ता के बयान के अनुसार, आरोपी मौके पर पहुंचे और दोनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने के बाद धमकी देकर फरार हो गए। घायलों को इलाज के लिए मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया।

इस मामले में हौज खास थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 351(2), 79, 110, 3(5) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  13 November 2026, 10:34 AM IST

Advertisement