सहारनपुर मस्जिद विवाद: सपा सांसद इकरा हसन House Arrest, बोलीं- ‘जनता की आवाज उठाना अपराध नहीं’

सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद विवाद को लेकर सियासत तेज हो गई है। सपा सांसद इकरा हसन को हाउस अरेस्ट किए जाने का दावा किया गया है। वहीं सांसद इमरान मसूद ने लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 5 September 2026, 9:37 AM IST
google-preferred

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को अवैध घोषित किए जाने के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कैराना से सपा सांसद इकरा हसन को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। उनके आवास के बाहर रात से ही भारी पुलिस बल तैनात है।

इकरा हसन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह सहारनपुर जाकर अधिकारियों से मुलाकात कर जनता की आवाज उठाना चाहती थीं, लेकिन उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।

उन्होंने कहा, "क्या जनता के मुद्दों को लेकर अधिकारियों से मिलना अब अपराध हो गया है? जनप्रतिनिधि को रोककर जनता की आवाज दबाई नहीं जा सकती।"

इमरान मसूद ने की शांति बनाए रखने की अपील

सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण पर लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि न्यायालय की प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए और किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ बयानबाजी से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मामले का समाधान केवल संवैधानिक और न्यायिक प्रक्रिया के जरिए ही संभव है। इमरान मसूद ने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

एमएलसी शाहनवाज खान ने डीएम से की मुलाकात

कलेक्ट्रेट मस्जिद मामले को लेकर एमएलसी शाहनवाज खान और कई पार्षद देर रात जिलाधिकारी आवास पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मस्जिद में रात के समय ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

एमएलसी ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर हाई कोर्ट में जाने तक किसी भी कार्रवाई को रोकने का आग्रह किया। साथ ही शहरवासियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

कलेक्ट्रेट के सभी गेट बंद, सुरक्षा बढ़ाई गई

जिला न्यायालय द्वारा सिटी मजिस्ट्रेट के उस आदेश को बरकरार रखने के बाद, जिसमें कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को अवैध घोषित किया गया था, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

कलेक्ट्रेट के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं और बिना अनुमति किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वहीं, मस्जिद को सील करने या ध्वस्तीकरण की चर्चाओं के बीच प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Location :  Saharanpur

Published :  5 September 2026, 9:37 AM IST

Related News

Advertisement