हिंदी
दर्दनाक हादसा फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Budaun: उझानी थाना क्षेत्र के बरेली मथुरा हाइवे पर दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में छह महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कछला और उझानी के बीच भुलपुर क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार दो ट्रैक्टरों की कथित रेस के दौरान एक ई-रिक्शा उनकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार महिलाएं सड़क पर जा गिरीं।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान सामने चल रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने छह महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। हादसे में ई-रिक्शा चालक सन्नी (32 वर्ष) तथा डाल सिंह (58 वर्ष) समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कछला के मोहल्ला मुरावन नगला निवासी डाल सिंह के पुत्र कुंवर पाल की शादी आगामी 29 जून को होनी है। परिवार की महिलाएं शादी की पारंपरिक रस्म ‘भात’ मांगने के लिए पड़ोसी गांव गढ़ौना जा रही थीं। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों में राजकुमारी (55 वर्ष), सरला (21 वर्ष) गंगा श्री (32 वर्ष), रेवती (80 वर्ष), प्रेम देवी (45 वर्ष), नारायणी देवी (32 वर्ष) व एक अन्य सहित छह महिलाएं शामिल हैं।हादसे के बाद दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी और अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। वहीं शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
Location : Budaun
Published : 17 June 2026, 4:25 PM IST
Topics : Badaun Road Accident Latest News UP News