हिंदी
चंदौली में वांछित आरोपी भोला भारती गिरफ्तार
Chandauli: जिले में अलीनगर पुलिस ने हत्या की नीयत से गोली चलाने के मामले में वांछित आरोपी भोला भारती उर्फ करन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की रेवसा इलाके में पैदल परेड भी कराई, जहां वह हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगता नजर आया।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2025 को रेवसा में भोला भारती ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोहम्मद सुफियान के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि घटना के दौरान भागते समय आरोपी ने सुफियान पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। इस मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
रेवसा में मारपीट और फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार
अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली अंडरपास के पास थानाध्यक्ष गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भोला भारती को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए तमंचे को भी बरामद किया। तलाशी के दौरान एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और दो मोबाइल फोन भी मिले। गिरफ्तारी के बाद दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, भोला भारती का बड़ा भाई धर्मेंद्र भारती अलीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और फिलहाल जिला बदर है। आरोप है कि भोला भी अपने बड़े भाई के नक्शे कदम पर चलते हुए आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। आरोपी के खिलाफ अलीनगर थाने में मारपीट और जानलेवा हमले समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने भोला भारती की रेवसा इलाके में पैदल परेड कराई। इस दौरान वह पुलिस के सामने हाथ जोड़कर स्थानीय लोगों से माफी मांगता नजर आया। आरोपी ने लोगों से कहा कि अब वह दोबारा ऐसी गलती नहीं करेगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
Location : Chandauli
Published : 4 November 2026, 4:48 AM IST