हिंदी
बरगदही गांव में आग का तांडव (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में रविवार देर शाम एक हादसा हो गया। घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक लीकेज होने से भीषण आग लग गई। इस घटना में एक ही परिवार के 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना शिवशंकर मिश्रा के घर में हुई, जहां खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के कई सदस्य उसकी चपेट में आ गए और बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल सका।
हादसे में मंजू मिश्रा (42), कुलदीप मिश्रा (22), अनिल मिश्रा (50), संत कुमार मिश्रा (68), आशीर्वाद (18), ऋचा (21), दीपिका (25), संगीता (40) और उमेश (37) गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीह ले जाया गया।
रायबरेली का युवक कानपुर सेंट्रल से लापता, साधु के साथ आखिरी बार दिखा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।
रायबरेली के बरगदही गांव में गैस सिलेंडर लीकेज से भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के 9 लोग झुलस गए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इलाके में दहशत का माहौल है।#Raebareli #GasLeak #CylinderBlast #FireAccident #UPNews pic.twitter.com/DLtBGAOUim
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 27, 2026
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर एडीएम अमृता सिंह, सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा, एसडीएम और तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल पहुंचा। राहत टीमों ने तत्परता दिखाते हुए लीकेज सिलेंडर को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया।
सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। यदि किसी मरीज की हालत बिगड़ती है तो उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
Raebareli News: रायबरेली में किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मातम
इस हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग गैस सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर के उपयोग में पूरी सावधानी बरती जाए ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Location : Raebareli
Published : 27 April 2026, 10:01 AM IST