हिंदी
रायबरेली में चोरी का खुलासा
Raebareli: रायबरेली में पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के साकेत नगर मोहल्ले का है, जहां बीते 5 फरवरी को एक परिवार अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था।
पीड़ित परिवार जब 6 फरवरी को वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखे लगभग सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 1 लाख 25 हजार रुपये नकद गायब थे। घटना से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
पीड़ित की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटना के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के एक दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान शंकर प्रसाद सोनी पुत्र रामप्रसाद सोनी, निवासी भरतपुरम थाना मिल एरिया के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर काफी कर्ज हो गया था। वह मोहल्लों में घूम-घूमकर फेरी का काम करता था। इसी दौरान उसने एक घर को लंबे समय तक बंद देखा और मौका पाकर रात में घर में घुसकर बक्से और अलमारी का ताला तोड़ दिया। इसके बाद उसने जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने-चांदी के जेवरात और 1 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
खजनी में ईंट भट्ठे पर खूनी विवाद: मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, पढ़ें गोरखपुर की सनसनीखेज खबर
इस मामले में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि टीमों की सतर्कता और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना का सफल खुलासा किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास बढ़ा है।
Location : Raebareli
Published : 17 February 2026, 5:08 PM IST
Topics : crime news raebareli news UP News