सरकारी काम से लखनऊ पहुंचे गोरखपुर के सिपाही की होटल में मौत, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

लखनऊ के एक होटल के कमरे में गोरखपुर पुलिस के जवान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सरकारी काम से राजधानी पहुंचे 25 वर्षीय सिपाही अंकित सिंह की संदिग्ध हालात में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर होटल के कमरे में ऐसा क्या हुआ, जिसकी जांच में अब पुलिस और फोरेंसिक टीम जुटी हुई है?

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 September 2026, 11:37 PM IST
google-preferred

Lucknow: राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में गोरखपुर पुलिस में तैनात 25 वर्षीय सिपाही अंकित सिंह का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में भी हलचल बढ़ गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कमरे की जांच की और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है।

कैम्पियरगंज थाने में थे तैनात

जानकारी के मुताबिक, अंकित सिंह गोरखपुर के कैम्पियरगंज थाने में सिपाही के पद पर तैनात थे। वह वर्ष 2025 बैच के सिपाही बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह रविवार को सरकारी काम से लखनऊ पहुंचे थे और विकास नगर क्षेत्र स्थित टाउन हॉल होटल में ठहरे थे। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में उनके साथ एक अन्य साथी के भी मौजूद होने की बात सामने आई है।

होटल के कमरे में मिला शव

होटल के कमरे में सिपाही का शव मिलने की सूचना मिलते ही विकास नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे की गहन जांच कराई। टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने होटल कर्मचारियों और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। खासतौर पर उस साथी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, जिसके साथ अंकित सिंह के ठहरने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले कमरे में क्या परिस्थितियां थीं।

बप्पा को नम आंखों से विदा करने गए थे लोग, पर घर लौटकर आया सिर्फ मातम का अंधेरा! लखनऊ के इस दर्दनाक हादसे के बाद सदमे में लोग

पुलिस का बयान

अंकित सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो पाएगी। इसके साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

परिजनों ने भी मामले की गहराई से जांच की मांग की है। अंकित सिंह के रिश्ते के बहनोई दिग्विजय सिंह ने होटल में मौजूद साथी से पूछताछ समेत सभी पहलुओं की जांच किए जाने की मांग उठाई है।

आकाश के बाद अब ईशान आनंद की एंट्री! मायावती ने दी बड़ी जिम्मेदारी, BSP की लखनऊ बैठक में पहुंचे भतीजे

माता पिता की इकलौती संतान थे मृतक

बताया जा रहा है कि अंकित सिंह परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी मां आशा देवी के साथ रहते थे। कम उम्र में सिपाही की मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही अंकित सिंह की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Lucknow

Published :  23 September 2026, 11:34 PM IST

Related News

Advertisement