Jhansi: कहीं गूंजे वैदिक मंत्र तो कहीं कबूल हुआ निकाह, झांसी में हर जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च कर रही सरकार

झांसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 402 जोड़ों ने नई जिंदगी की शुरुआत की। किसी ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए तो किसी ने निकाह कबूल किया। परिजनों के आशीर्वाद और खुशियों के बीच संपन्न हुए इस समारोह ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया। जानिए प्रत्येक जोड़े के विवाह पर सरकार कितनी धनराशि खर्च करती है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 27 November 2026, 8:28 PM IST
google-preferred

Jhansi: चेहरे पर मुस्कान, आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने और अपनों का आशीर्वाद। झांसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 402 जोड़े एक-दूजे के जीवनसाथी बने। किसी ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए तो किसी ने निकाह कबूल कर नई जिंदगी की शुरुआत की। एक ही आयोजन में हिंदू और मुस्लिम परंपराओं के अनुसार संपन्न हुए विवाह सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की मिसाल बने।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में मदद के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में सरकार की ओर से प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नवविवाहित जोड़ों को परिजनों और अतिथियों ने आशीर्वाद देकर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

330 जोड़ों ने लिए सात फेरे, 72 का हुआ निकाह

झांसी के भगवंतपुरा स्थित द ग्रीन ग्राण्डयोर में समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत समारोह आयोजित किया गया। योजना के तहत कुल 442 जोड़ों का पंजीकरण किया गया था, जिनमें से 402 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया।

Jhansi

402 जोड़ों की हुई शादी (Image Source: Dynamite News)

UP में तबादला एक्सप्रेस! 15 जिलों के BSA इधर से उधर, अमेठी, मेरठ, मिर्जापुर, मऊ समेत इन जिलों में बदले अधिकारी; देखिए पूरी लिस्ट

इनमें 330 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर सात जन्मों तक एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। वहीं, 72 मुस्लिम जोड़ों का निकाह काजी द्वारा धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया गया। पूरे समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

बेटी के बैंक खाते में सीधे भेजे जाएंगे 64 हजार रुपये

प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़ ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोड़े पर सरकार की ओर से एक लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे भेजे जाते हैं। वहीं, 21 हजार रुपये गृहस्थी की सामग्री के लिए और 15 हजार रुपये विवाह आयोजन, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में पैसों की कमी बाधा न बने। इसके साथ ही समाज से दहेज जैसी कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।

Jhansi3

72 जोड़ों का हुआ निकाह (Image Source: Dynamite News)

“जिस मासूम को दवा दिलाने निकले थे, उसी के सिर से उठा पिता का साया”, चंदौली में भीषण हादसा

अतिथियों और परिजनों के आशीर्वाद से नई जिंदगी की शुरुआत

समारोह में एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल और प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी केपी सिंह ने मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

विवाह संपन्न होने के बाद नवदंपतियों को अतिथियों और परिजनों ने आशीर्वाद दिया। अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के बीच संपन्न हुए इस सामूहिक विवाह समारोह ने आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया।

Location :  Jhansi

Published :  27 November 2026, 8:28 PM IST

Advertisement