हिंदी
मुजफ्फरनगर में चोरी का राज खुला
Muzaffarnagar: जनपद में रुड़की रोड स्थित जनसेवा केंद्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक बैग, घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
जनसेवा केंद्र चोरी कांड में बड़ा खुलासा
पुलिस के मुताबिक, चोरी के आरोपियों की तलाश के दौरान शेरपुर रजवाहे के पास चेकिंग में बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस बीच बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि कॉम्बिंग के दौरान दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
गौरतलब है कि 22 सितंबर को रुड़की रोड स्थित एक जनसेवा केंद्र में चोरी की घटना सामने आई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और कई टीमों को लगाया गया। जांच के दौरान CCTV फुटेज और अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
जानकारी के अनुसार 23 सितंबर को शेरपुर रजवाहे के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार शेरपुर की तरफ भागने लगे।
इस दौरान पुलिस ने बाइक सवारों का पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आगे जाकर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद तीनों आरोपी जंगल की तरफ भागने लगे और पुलिस पर दोबारा फायरिंग करने लगे। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें समीर पुत्र चांद घायल हो गया।
वहीं, कॉम्बिंग के दौरान सुहैल पुत्र नफीस को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि आशिफ पुत्र अदालत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश और कॉम्बिंग कर रही है।
सीओ सिटी मुजफ्फरनगर सिद्धार्थ के मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम, वारदात में इस्तेमाल बाइक और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
घायल आरोपी समीर और फरार आरोपी आशिफ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। आशिफ के खिलाफ चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि समीर के खिलाफ भी पूर्व में मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और फरार आरोपी की तलाश के साथ पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 24 September 2026, 1:33 AM IST
Topics : accused injured janseva kendra theft case Muzaffarnagar Police Encounter roorkee road theft