हिंदी
आनंदनगर मंडी की बदहाली पर DM नाराज (Image Source: Dynamite News)
Maharajganj: धान खरीद में किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के प्रशासनिक दावों के बीच आनंदनगर मंडी की जर्जर सड़कों ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंडी परिसर की टूटी सड़कों को देखकर नाराजगी जताई। सड़क निर्माण का टेंडर मई महीने में ही पूरा होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हुआ था। इस पर जिलाधिकारी ने उपनिदेशक मंडी (निर्माण) को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। उन्होंने मंडी परिसर में किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को भी कहा।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आनंदनगर मंडी में संचालित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि मंडी में कुल आठ धान क्रय केंद्र संचालित हैं। इनमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा के चार, नेफेड के तीन और मंडी समिति का एक केंद्र शामिल है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग के आनंदनगर मंडी द्वितीय केंद्र पर बाजारडीह निवासी सत्येंद्र सिंह पुत्र अनिरुद्ध सिंह का 43.20 क्विंटल धान तौला जा रहा था। वहीं, आनंदनगर मंडी तृतीय केंद्र पर बाजारडीह के ही अजय प्रताप सिंह पुत्र अनिरुद्ध सिंह का भी 43.20 क्विंटल धान तौल होता मिला।
डीएम ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए और उन्हें किसी तरह की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रभारी प्रतिदिन समय से उपस्थित रहें और अधिक से अधिक किसानों से धान खरीद सुनिश्चित करें। इसके साथ ही खरीदे गए धान को संबंधित मिलों तक भेजने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थिति में क्रय केंद्रों पर धान लंबित न रहे।
क्रय केंद्रों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंडी परिसर की जर्जर और टूटी सड़कों के साथ अन्य अव्यवस्थाओं पर मंडी अधिकारियों से जवाब मांगा। इस पर मंडी सचिव ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर मई महीने में ही पूरा हो चुका है और जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने इस देरी को गंभीरता से लेते हुए उपनिदेशक मंडी (निर्माण) को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि मंडी परिसर में किसानों के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि धान बेचने के लिए आने वाले किसानों को परेशानी न हो।
छठ पूजा के लिए सजने लगा देवरिया का प्रसिद्ध पोखरा, व्रती महिलाओं ने बनानी शुरू कीं पूजा की बेदियां
जिलाधिकारी ने किसान बंधुओं से धान विक्रय के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल https://fcs.up.gov.in अथवा यूपी किसान मित्र ऐप के माध्यम से पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य का भुगतान सीधे बैंक खाते में प्राप्त करने के लिए किसानों को अपना बैंक खाता आधार से लिंक कराना होगा। इसके साथ ही खाते की एनपीसीआई से मैपिंग कराना भी अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने धान खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ मंडी परिसर में किसानों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Location : Maharajganj
Published : 13 November 2026, 5:46 PM IST
Topics : Anandnagar Mandi Gaurav Singh Sogarwal Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) paddy procurement UP News