हिंदी
चंदौली में गोवंश तस्करी का खुलासा
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली में गुरुवार रात को पुलिस टीम और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक गौ तस्कर को गिरफ्तार किया वहीं उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के कोडरिया-बसरिकपुर नहर के पास की है। पुलिस टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक संदिग्ध क्रूजर वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वाहन सवार लोगों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया।
चंदौली में क्रूजर गाड़ी से गाय और सांड बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाराणसी के लमही निवासी सूरज उर्फ गोलू पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसके साथ चार अन्य साथी भी मौजूद थे, जो अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने क्रूजर वाहन से एक गाय और एक सांड समेत दो गोवंश बरामद किए। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वाराणसी से छुट्टा गोवंश को वाहन में लादकर बिहार ले जाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में गोवंश तस्करी में शामिल हुआ था। इस मामले में उसके साथ चार अन्य लोग भी शामिल थे।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार चार अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई में गोवंश तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा क्रूजर वाहन भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और फरार आरोपियों की तलाश में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Location : Chandauli
Published : 13 November 2026, 12:25 AM IST