हिंदी
मृतक की फाइल फोटो (Img: Dynamite News)
Raebareli: रायबरेली जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर खेखरुआ गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत पर धान की नर्सरी की रखवाली करने गए 12 वर्षीय किशोर की झूला झूलते समय रस्सी के फंदे में फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजकुमार शुक्ला का 12 वर्षीय बेटा आयुष खेत पर धान की नर्सरी की निगरानी करने गया था। खेत के पास मौजूद एक जंगली बबूल के पेड़ की डाल में रस्सी डालकर वह झूला झूल रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और झूले की रस्सी उसके गले में फंस गई।
बताया जा रहा है कि रस्सी का फंदा गले में कस जाने के कारण आयुष कुछ समय तक उसी अवस्था में लटका रहा। आसपास मौजूद लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा। आनन-फानन में किशोर को सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी शोक का माहौल बन गया। घटना की सूचना पर स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे। वहीं महाराजगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव ने बताया कि इस मामले की उन्हें आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
Location : Raebareli
Published : 7 June 2026, 12:01 PM IST