सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में महराजगंज की बड़ी छलांग, टॉप-10 में शामिल

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जनवरी 2026 रैंकिंग में महराजगंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के टॉप-10 जिलों में जगह बनाई। राजस्व और विकास योजनाओं में सुधार का असर साफ नजर आया। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 February 2026, 6:20 PM IST
google-preferred

Maharajganj: उत्तर प्रदेश में विकास योजनाओं और प्रशासनिक कामकाज की तस्वीर दिखाने वाला मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एक बार फिर चर्चा में है और इस बार सुर्खियों में है जनपद महराजगंज। जनवरी 2026 की रैंकिंग में महराजगंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के टॉप-10 जिलों में अपनी जगह बना ली है। बीते महीने की तुलना में यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जो साफ तौर पर प्रशासन की सक्रियता और बेहतर कार्यप्रणाली को दर्शाती है।

संयुक्त रैंकिंग में आठवां स्थान

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की राजस्व और विकास योजनाओं की संयुक्त रैंकिंग में महराजगंज को आठवां स्थान मिला है। यह सफलता किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि लगभग सभी विभागों द्वारा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग का नतीजा मानी जा रही है। खास बात यह रही कि इस रैंकिंग में जनपद की किसी भी योजना को ‘डी’ ग्रेड नहीं मिला, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

महराजगंज आदित्य हत्याकांड: नाबालिग महबूबा ने पिता के साथ मिलकर प्रेमी को मार डाला, कारण जानकर उड़ जाएंगे होश

विकास योजनाओं में शानदार प्रदर्शन

विकास क्षेत्र के तहत संचालित योजनाओं की बात करें तो महराजगंज ने यहां भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कुल 80 योजनाओं में से 71 योजनाओं को ‘ए’ ग्रेड मिला है, जबकि 6 योजनाएं ‘बी’ ग्रेड और सिर्फ 3 योजनाएं ‘सी’ ग्रेड में रहीं। इससे साफ है कि अधिकतर योजनाएं तय मानकों पर खरी उतरी हैं और जमीनी स्तर पर उनका असर दिख रहा है।

राजस्व क्षेत्र में भी मजबूत स्थिति

राजस्व से जुड़ी योजनाओं में भी महराजगंज का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। यहां 34 योजनाओं को ‘ए’ ग्रेड, 9 को ‘बी’ ग्रेड और 4 योजनाओं को ‘सी’ ग्रेड मिला है। यह आंकड़े दिखाते हैं कि राजस्व संग्रह और उससे जुड़े कार्यों में भी प्रशासन ने गति पकड़ी है।

पिछले महीने की नाराजगी बनी सुधार की वजह

गौरतलब है कि पिछले महीने संयुक्त रैंकिंग में महराजगंज 14वें स्थान पर था। इस पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी विभागों को कामकाज में सुधार के सख्त निर्देश दिए थे। इसका असर यह हुआ कि राजस्व रैंकिंग में जनपद ने 33वें स्थान से सीधे 12वें स्थान तक छलांग लगा दी, वहीं विकास योजनाओं में नौवां स्थान हासिल किया।

महराजगंज में दिन निकलते ही सनसनी: नहर में मिली लाश, पुलिस ने कहा- पोस्टमार्टम में खुलेगा राज

डीएम ने दी बधाई

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा, फील्ड निरीक्षण और कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देकर महराजगंज को आगे भी प्रदेश के अग्रणी जिलों में बनाए रखा जाएगा।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 10 February 2026, 6:20 PM IST

Advertisement
Advertisement