हिंदी
दो हिस्ट्रीशीटर समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
Maharajganj: महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। श्यामदेउरवा पुलिस, SWAT और SOG की संयुक्त टीम ने 13 अगस्त की देर रात पिपराइच-परतावल मार्ग पर बसहिया मोड़ के पास एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गोरखपुर-पिपराइच की ओर से एक वाहन में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बड़ी खेप लाई जा रही है और उसे परतावल के रास्ते नेपाल भेजने की तैयारी है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान नीले रंग के प्लास्टिक बोरे में कागज के गत्तों के बीच प्रतिबंधित इंजेक्शन छिपाकर रखे गए थे। पुलिस के मुताबिक बरामद खेप में CEREJACK DIAZEPAM INJECTION IP के 2,000 एम्पुल और BUPRENORPHINE INJECTION IP के 2,350 एम्पुल शामिल हैं।
कुल 4,350 एम्पुल बरामद हुए हैं। प्रत्येक एम्पुल 2 एमएल का बताया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन UP56AT5866 और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने वाहन में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान जाकिर हुसैन निवासी लोहरौली, थाना ठूठीबारी, गोविंद प्रसाद और सचिन, दोनों निवासी जमुईकला, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई डीआईजी गोरखपुर रेंज एस. चन्नप्पा के निर्देश और एसपी महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम सक्रिय थी।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे काफी समय से भारत-नेपाल सीमा पर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार बिहार के टिंकविल उर्फ पिंकू नामक व्यक्ति से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए दवाओं का ऑर्डर लिया जाता था और उसके बताए बैंक खातों में रकम भेजी जाती थी।
अब पुलिस कथित सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार जाकिर हुसैन ठूठीबारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गोविंद प्रसाद भी हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ मारपीट, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
बरामद दवाओं की मात्रा व्यावसायिक श्रेणी की होने के आधार पर श्यामदेउरवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मु0अ0सं0 230/2026 के तहत धारा 8/22(c)/23(c) NDPS Act में कार्रवाई शुरू की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं की यह खेप कहां से आई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Location : Maharajganj
Published : 14 August 2026, 3:56 PM IST