प्रेमी पर विश्वास कर घर छोड़ निकली लड़की, अचानक अपने ही फैसले से मुकर गया आशिक; डेढ़ साल बाद बच्ची के साथ मिली युवती

जौनपुर की एक युवती प्रेमी के साथ घर छोड़कर प्रयागराज पहुंची, लेकिन प्रेमी के पीछे हटने के बाद कानपुर चली गई। वहां मंदिर में उसकी मुलाकात एक सपेरे से हुई और दोनों ने शादी कर ली। डेढ़ साल बाद युवती पांच माह की बच्ची के साथ मिली। इस दौरान मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 August 2026, 3:50 PM IST
google-preferred

Jaunpur: जौनपुर के सुजानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की कहानी करीब डेढ़ साल तक पुलिस और परिवार के लिए पहेली बनी रही। युवती गांव के ही दूसरी बिरादरी के युवक से प्रेम करती थी। परिवार को रिश्ते की जानकारी हुई तो दोनों ने साथ रहने का फैसला किया।

एक जनवरी 2025 को युवती घर से निकलकर प्रेमी के साथ प्रयागराज पहुंची। लेकिन प्रयागराज पहुंचने के बाद युवक अपने फैसले से पीछे हट गया। इसके बाद युवती वापस घर नहीं लौटी और ट्रेन से कानपुर चली गई।

कानपुर में मंदिर में गुजारे दिन

पुलिस के अनुसार कानपुर पहुंचने के बाद युवती एक मंदिर में रहने लगी। इसी दौरान उसने एक ई-रिक्शा चालक को अपनी परेशानी बताई। चालक ने उसे फोन उपलब्ध कराया, जिससे उसने अपने घर फोन किया, लेकिन परिजनों से बातचीत नहीं की।

इसके बाद युवती ने अपने प्रेमी से संपर्क कर उसे कानपुर बुलाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक युवक ने बातचीत रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंप दी और युवती के कानपुर में होने की जानकारी उसके परिवार को दी।

पाकिस्तान वाले दे रहे धमकी, लेकिन खुद मर रहे भूखे, बलूचिस्तान से PoJK तक बढ़ा संकट

हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला

युवती के गायब होने के बाद उसके परिजनों ने प्रेमी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। उधर युवक के परिवार की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई। कोर्ट ने युवक को राहत देते हुए युवती को बरामद करने और मामले की जांच के निर्देश पुलिस को दिए।

पुलिस ने युवती की तलाश में ई-रिक्शा चालक को खोज निकाला। पूछताछ में उसने बताया कि युवती एक दिन उसके घर रुकी थी और बाद में वहां से चली गई।

एक शव मिलने से बढ़ी पुलिस की चिंता

पुलिस ने मंदिर सहित कई संभावित स्थानों पर युवती की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान कानपुर में बोरे में एक युवती का शव मिलने की सूचना ने मामले को और गंभीर बना दिया।

परिजनों और पुलिस की आशंका को देखते हुए शव का डीएनए परीक्षण कराया गया, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि शव लापता युवती का नहीं था। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए उपलब्ध पोर्टल पर युवती की तस्वीर अपलोड कर खोजबीन तेज की।

खिड़की से रिस रहा है बारिश का पानी? इन 4 आसान तरीकों से करें हमेशा के लिए बंद

डेढ़ साल बाद सपेरे के साथ मिली युवती

तलाश के दौरान पुलिस को आखिरकार युवती के बारे में जानकारी मिली। वह कानपुर में एक सपेरे के साथ मिली। पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि मंदिर में रहने के दौरान उसकी मुलाकात सपेरे से हुई थी।

इसके बाद वह सपेरे के साथ उसके घर चली गई और उसके परिवार के साथ रहने लगी। बाद में दोनों ने शादी कर ली। पुलिस के मुताबिक युवती अपने पति के साथ बंगाल, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में भी गई।

पांच माह की बच्ची की मां बन चुकी थी

डेढ़ साल तक परिवार से दूर रहने के दौरान युवती की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी थी। पुलिस के अनुसार अब वह पांच माह की बच्ची की मां है। युवती के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए हैं।

मामले के विवेचक सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता के अनुसार युवती के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। डेढ़ साल से चल रही तलाश, हाईकोर्ट के आदेश और डीएनए जांच के बाद आखिरकार युवती के मिलने से पूरे मामले की गुत्थी सुलझ गई।

Location :  Jaunpur

Published :  14 August 2026, 3:50 PM IST

Advertisement